Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मध्य प्रदेश ने पहली बार पार किया 20 हजार मेगावाट बिजली आपूर्ति का आंकड़ा, बना नया रिकॉर्ड

ग्वालियर (विनय शर्मा) : मध्य प्रदेश ने विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए पहली बार 20 हजार मेगावाट से अधिक बिजली की मांग को बिना किसी बाधा के पूरा किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवंबर को सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 20,079 मेगावाट दर्ज की गई। विद्युत कंपनियों के आपसी तालमेल और बेहतर प्रबंधन से इतनी बड़ी मांग के बावजूद आपूर्ति निर्बाध बनी रही।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इससे एक दिन पहले ही प्रदेश ने पिछले सीजन में दर्ज 19,895 मेगावाट की अधिकतम मांग का रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान बनाया था। लगातार दूसरे दिन बिजली की मांग में बढ़ोतरी के बीच प्रदेश की सभी विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण कंपनियों ने समन्वित प्रयासों से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई।

एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता के अनुसार, रिकॉर्ड मांग के दौरान पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर, सागर और रीवा संभाग में 4,993 मेगावाट, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल और ग्वालियर संभाग में 6,431 मेगावाट तथा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर और उज्जैन संभाग में 8,186 मेगावाट बिजली की मांग रही। इसके अलावा सेज और रेलवे क्षेत्रों में 469 मेगावाट की मांग दर्ज की गई।

बिजली की इस रिकॉर्ड मांग को पूरा करने के लिए ताप विद्युत गृहों से 3,452 मेगावाट, जल विद्युत गृहों से 1,054 मेगावाट और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 1,637 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। वहीं एनटीपीसी, बैंकिंग और अन्य स्रोतों से कुल 13,936 मेगावाट बिजली प्राप्त कर आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखा गया।

इस उपलब्धि पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रदेश की सभी विद्युत कंपनियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों के अथक परिश्रम, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है। अधिकतम मांग के समय सभी विद्युत उत्पादन केंद्रों, पारेषण लाइनों और सबस्टेशनों के बीच बेहतर समन्वय से निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

Share This News :