ग्वालियर में 13 साल की छात्रा से गैंगरेप, दरिंदगी से फिर शर्मसार ग्वालियर
मध्य प्रदेश के बहोड़ापुर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया। आरोप है कि छात्रा कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी दोनों युवक उसे जबरन स्कूटी पर बैठाकर दरगाह के पास बने एक खाली तलघर में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने छात्रा के साथ मारपीट भी की।
घटना 14 नवंबर की दोपहर करीब 1:45 बजे की बताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक, छात्रा कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान इमरान और आर्यन नाम के दो युवक उसे जबरन स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गए। दोनों उसे दरगाह के पास स्थित एक खाली तलघर में ले पहुंचे। आरोप है कि यहां दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। छात्रा ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वे उसे बदनाम कर देंगे।
मां के पहुंचने की भनक लगते ही फरार हुए आरोपी
इधर, कुछ देर बाद आरोपियों को छात्रा की मां के वहां पहुंचने की भनक लग गई। इसके बाद दोनों युवक छात्रा को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। देर शाम मां अपनी बेटी को तलाशते हुए निकलीं तो रास्ते में वह मिल गई। बेटी को रोता देख मां ने उससे वजह पूछी। इसके बाद छात्रा ने पूरी घटना मां को बताई।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
परिजन तुरंत छात्रा को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल टेस्ट कराया। शनिवार रात पुलिस ने इमरान और आर्यन के खिलाफ अपहरण, मारपीट, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। नाबालिग छात्रा के साथ हुई इस गंभीर वारदात ने शहर की महिला सुरक्षा और बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले की निष्पक्ष जांच करने की चुनौती है।