Home > अपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
ग्वालियर में धनतेरस पर जबरदस्त खरीदारी, बाजारों में खूब हुई धनवर्षा; 700 करोड़ रुपये का हुआ बंपर कारोबार

ग्वालियर। धनतेरस पर बाजारों में झूमकर धन वर्षा हुई। सोने-चांदी के आभूषण से लेकर वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, बर्तन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। सुबह से शुरू हुई ग्राहकों की आवाजाही दोपहर बाद बाजारों में भीड़ में बदल गई। शाम होते-होते महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, लश्कर, नई सड़क, जयेंद्रगंज और सिटी सेंटर के बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। बड़े शोरूम से लेकर छोटी दुकानों तक ग्राहकों की पसंद के अनुरूप खरीदारी होती रही।

कारोबारियों के आकलन के मुताबिक धनतेरस पर शहर में करीब 500 से 700 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की दुकानों पर भीड़

टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल, लैपटाप और अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदारी के लिए ग्राहक शोरूम पहुंचे। कंपनियों की ओर से दिए जा रहे विशेष ऑफर और छूट का लाभ उठाकर लोगों ने खरीदारी की। कई परिवारों ने पुराने उपकरणों के बदले नए उत्पादों को चुना। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में बीते वर्ष से करीब 2.5 गुना अधिक कारोबार होने का अनुमान है।

सराफा बाजार में खूब बरसा धन

सराफा बाजार में हल्के वजन के आभूषण, सोने की चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चूड़ियां और डिजाइनर ज्वेलरी की मांग रही। वहीं चांदी के सिक्के, पूजा सामग्री और उपहार में दिए जाने वाले उत्पाद भी खूब बिके। भारी आभूषणों के बजाय ग्राहकों ने हल्के गहनों को प्राथमिकता दी। कारोबारियों के मुताबिक सराफा बाजार में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष बेहतर कारोबार हुआ।

ऑटो मोबाइल प्रतिष्ठानों में बुकिंग और डिलीवरी का लगा तांता

ऑटोमोबाइल कारोबार में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। कार शोरूमों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही रही। कई परिवारों ने पहले से बुक कराई कारों की डिलीवरी शुभ मुहूर्त में ली। दोपहिया बाजार में सामान्य के साथ इलेक्ट्रिक वाहन भी ग्राहकों की पसंद बने। कारोबारियों के अनुसार इस क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

बर्तन और कपड़ा बाजार में भी रही रौनक

बर्तन खरीदने की परंपरा का असर बाजार में साफ दिखाई दिया। स्टील, पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों के साथ नान-स्टिक और रसोई में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों की भी मांग रही। वहीं रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में त्योहार के नए संग्रह को लेकर ग्राहकों की भीड़ रही। महिलाओं और युवाओं ने नए डिजाइन के परिधान खरीदे। माल और बड़े शोरूम में भी देर रात तक खरीदारी होती रही।

सजावट और खानपान की दुकानों पर भी रही चहल-पहल

प्रमुख बाजारों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। सराफा बाजार की जगमगाती दुकानों ने ग्राहकों को आकर्षित किया। कई व्यापारियों ने दुकानों के बाहर भी उत्पादों का प्रदर्शन किया। बाजारों में खानपान की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। भीड़ के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी देखने को मिला।

बाजार में दिखा उपभोक्ताओं का भरोसा

कारोबारियों का मानना है कि इस बार खरीदारी का दायरा केवल परंपरागत वस्तुओं तक सीमित नहीं रहा। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी और बर्तन खरीदने के साथ ही घर, परिवार और व्यक्तिगत जरूरतों पर भी खर्च किया। इसी वजह से सराफा, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा, फर्नीचर, क्राकरी और अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में कारोबार का विस्तार देखने को मिला।

Share This News :