चार राज्यों के MLC चुनाव में कांग्रेस का खाता नहीं खुला, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
ग्वालियर (विनय शर्मा) : मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने चार राज्यों के एमएलसी चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिलने का उल्लेख करते हुए पार्टी के नेतृत्व में बदलाव की जरूरत बताई।
डॉ. मिश्रा ने सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में कांग्रेस की तुलना खराब होती ट्रेन से करते हुए कहा कि इंजन यानी नेतृत्व बदलने की जरूरत है, केवल डिब्बे बदलने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी चुनाव में अपना खाता नहीं खोल सकी।
पूर्व गृह मंत्री ने राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि समस्या ईवीएम में नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेतृत्व में है। उन्होंने कहा कि चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से, कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि वोट चोरी का मुद्दा उठाने और जनता को गुमराह करने से कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व नहीं बचेगा। उन्होंने नेतृत्व के साथ पार्टी की नीयत बदलने की जरूरत भी बताई।