Home > अपना शहर ,
निगम ने हटाया अस्थाई अतिक्रमण

ग्वालियर। शहर के नागरिकों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए निगम के मदाखलत दस्ते द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एंव हाकर्स जोन के बाहर आज अस्थाई अतिक्रमण हटाने एवं ठेले वालों को हाकर्स जोन भेजने की कार्यवाही की गई तथा निगम के अमले द्वारा दुकानों के बाहर रोड पर रखा सामान भी जप्त किया गया।
मदाखलत अधिकारी केशव चौहान ने बताया कि निगमायुक्त विनोद कुमार शर्मा के निर्देश के परिपालन में आज गुरुवार को निगम के मदाखलत अमले द्वारा पिंटो पार्क हाकर्स जोन, गोला का मंदिर एवं एमआईटीएम कॉलेज के सामने सडक पर सामान रखकर अस्थाई अतिक्रमण करने वालों एवं सडक पर ठेले खडे कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की, जिस पर पिंटो पार्क हाकर्स जोन के बाहर से 3 ठेले, 4 तराजू बांट एवं अन्य सामाग्री, गोले के मंदिर से सडक पर रखी विभिन्न सामाग्री तथा एमआईटीएस कॉलेज के सामने से गमले, खिलोने आदि सामान जप्ती की कार्यवाही की गई तथा दुकानदारों को पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। कार्यवाही के दौरान मदाखलत अधिकारी पूर्व महेन्द्र शर्मा, मदाखलत अधिकारी ग्वालियर एवं ग्रामीण उत्तम जखेनिया सहित सभी मदाखलत निरीक्षक एवं अमला मौजूद रहा।

सडक पर सामान रखकर न करें व्यवसाय: निगमायुक्त
निगमायुक्त विनोद शर्मा ने शहर के सभी फुटकर व्यवसाईओं एवं दुकानदारों से अपील की कि आगामी त्यौहार को देखते हुए शहर की विभिन्न सडकों, फुटपाथ इत्यादि पर सामान रखकर तथा सडक पर ठेले खडे कर व्यवसाय न करें तथा न ही यातायात को बाधित करें, जिससे आमजनों को परेशानी का सामना न करना पडें। निगमायुक्त ने ठेले पर व्यवसाय करने वालों से अपील की कि अपने ठेले हाकर्स जोन में खडे कर ही व्यवसाय करें।

Share This News :