Home > अपना शहर ,खास खबरे,
महापौर लोकमंत्रणा में प्राप्त शिकायतों का अधिकारी करें समय-सीमा में निराकरण

ग्वालियर । महापौर हैल्पलाइन में शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हो रही है और कौन अधिकारी कर रहा है, इसकी जानकारी प्राप्त होगी। इसके लिये नगर निगम की ओर से शिकायतकर्ता के पास उसके शिकायत के निराकरण की वस्तु स्थिति का एसएमएस पहुँचेगा। इसके आवेदन का निराकरण कौन अधिकारी कर रहा है, उसका नाम और मोबाइल नम्बर भी शिकायतकर्ता को प्राप्त होगा।
महापौर लोकमंत्रणा में महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा से कहा है कि महापौर हैल्पलाइन और महापौर लोक मंत्रणा के तहत जो आवेदन प्राप्त होते हैं उन पर क्या कार्रवाई की जा रही है और कौन अधिकारी कर रहा है, इसकी जानकारी संबंधित आवेदनकर्ता को प्राप्त होना चाहिए। नगर निगम आयुक्त ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कम्प्यूटर के माध्यम से यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर क्या और कौन कार्रवाई कर रहा है, इसकी जानकारी एसएमएस के माध्यम से प्राप्त हो।
नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने लोक मंत्रणा में निगम के तीनों उपायुक्तों को यह भी निर्देशित किया है कि महापौर हैल्पलाइन और महापौर लोक मंत्रणा के तहत जो आवेदन पत्र प्राप्तै हो रहे हैं उन पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा अपने-अपने स्तर पर करें। निराकरण के संबंध में लोक मंत्रणा में संबंधित उपायुक्तों से ही निराकरण की जानकारी ली जायेगी। उपायुक्त अपने स्तर पर अपने क्षेत्र के अधिकारियों की बैठक कर आवेदन पत्रों में किए गए निराकरण की समीक्षा करें और की गई कार्रवाई से महापौर को अवगत करायें। महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा है कि लोक मंत्रणा प्रारंभ करने का उद्देश्य आम जनों की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्परता से निराकरण करना है। लोक मंत्रणा में प्राप्त शिकायतों पर अधिकारी तत्परता से कार्रवाई करें। आवेदनों के निराकरण में अकारण विलम्ब ठीक नहीं है।
निगम मुख्यालय में आयोजित लोकमंत्रणा कार्यक्रम में वार्ड 30 स्थित हरगोविन्द पुरम कॉलोनी के निवासियों द्वारा महापौर विवेक नारायण शेजवलकर से आग्रह किया कि अमृत योजना के अंतर्गत कॉलोनी में सीवर के विभिन्न कार्यों कराया जाए। इसके साथ ही कालोनी के निवासियों द्वारा एक और आवेदन प्रस्तुत कर आग्रह किया गया कि कालोनी में पार्क के लिए प्रस्तावित खुली भूमि पर बाउंड्रीवाल बनवाकर एवं पार्क का विकास कराने की बात कही। जिस पर महापौर ने कॉलोनी के नागरिकों को उक्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। लोकमंत्रणा के दौरान वार्ड 2 स्थित शिवनगर के निवासियों द्वारा दबंगो द्वारा आमरास्ते पर किए गए निर्माण को हटवाने तथा आमरास्ता खुलवाने का आग्रह किया, जिस पर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं वार्ड 60 स्थित आईएचएसडीपी योजना के आवासों में रहने वाले नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण का आग्रह किया जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
लोकमंत्रणा के दौरान पूर्व पार्षद एवं उपनेता प्रतिपक्ष केशव मांझी ने विभिन्न क्षेत्रों में शुद्व पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। लोकमंत्रणा कार्यक्रम में लगभग दो दर्जन नागरिकों ने आवेदन दिए जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

Share This News :