Home > अपना शहर ,खास खबरे,
जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर । स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन से जुड़े सभी विभागों और संगठनों को एक साथ लाकर वर्ष भर ग्वालियर में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इन आयोजनों को जिला पर्यटन संवर्धन परिषद के माध्यम से किया जायेगा। इन कार्यक्रमों के लिये “अतुलनीय ग्वालियर” की टैक लाईन दी जायेगी।
जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की पहली बैठक आईआईटीटीएम परिसर में शनिवार को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के एमडी हरिरंजन राव की विशेष रूप से उपस्थिति में कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर राहुल जैन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति श्रीमती लवली शर्मा, आईआईटीटीएम के डायरेक्टर प्रो. संदीप कुलश्रेष्ठ सहित विभागीय अधिकारी, होटल के प्रबंधक और पर्यटन से जुडीं विभिन्न संस्थाओ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के एमडी हरिरंजन राव ने कार्यशाला में कहा कि ग्वालियर में पर्यटन की प्रचुर संभावनायें हैं। यहाँ पर पुरातात्विक महत्व के अनेक स्मारक होने के साथ ही संगीत, खेल एवं अन्य विधाओं से जुड़ीं कई संस्थायें हैं। इसके साथ ही यह सुनहरा अवसर है जब ग्वालियर स्मार्ट सिटी में भी शामिल हो गया है। ग्वालियर के पास ही आगरा और दिल्ली में अनेक पर्यटक नियमित आते रहते हैं। इन पर्यटकों को ग्वालियर आने हेतु आकर्षित करने के लिये ग्वालियर में पर्यटन विकास के कार्य सभी के सहयोग से किए जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पर्यटन के विकास के लिये अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उनके द्वारा पर्यटन विकास के लिये पर्यटन कैबिनेट का गठन किया गया है। इसके साथ ही पर्यटन बोर्ड भी मध्यप्रदेश में बनाया गया है। हरिरंजन राव ने कहा कि जिला पर्यटन संवर्धन परिषद के बैनर तले सभी के सहयोग से पर्यटकों को आकर्षित करने हेतु वर्ष भर गतिविधियाँ संचालित की जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से ग्वालियर में 19 करोड़ रूपए के कार्य मंजूर किए गए हैं। यह सभी कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिए जायेंगे।
कलेक्टर राहुल जैन ने कार्यशाला में कहा कि ग्वालियर में पर्यटन को बढ़ाने के लिये वर्ष भर गतिवधियाँ संचालित की जायेंगी। इसके लिये एक वार्षिक कैलेण्डर भी तैयार किया जायेगा। उन्होंने सभी विभागों और संस्थानों से भी कहा कि अपने-अपने विभाग और संस्थान में वर्ष भर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि कार्यक्रमों का वर्ष भर आयोजित किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि ग्वालियर में कई कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित व व्यस्थित कर आयोजित किया जायेगा, ताकि पर्यटक इन कार्यक्रमों के प्रति आकर्षित हो सकें। इसके साथ ही ग्वालियर व्यापार मेले में वर्ष भर में तीन से चार मेलों का आयोजन भी किया जाए। इसके लिये मेला विकास प्राधिकरण पूरी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करे।
कलेक्टर ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत महाराज बाड़ा पर स्थित पुरातात्विक महत्व की इमारतों को और व्यवस्थित करने हेतु कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही महाराज बाड़ा क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने हेतु कार्य किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में महाराज बाड़ा, फूलबाग क्षेत्र और किले पर पर्यटकों को आकर्षित करने हेतु कार्य किए जायेंगे।
कार्यशाला में स्मार्ट सिटी की ओर से महाराज बाड़ा पर किए जाने वाले कार्यों का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा के संबंध में पुलिस की भूमिका पर जानकारी दी गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों द्वारा पर्यटन के विकास के लिये किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तार से सुझाव दिए गए। कलेक्टर राहुल जैन ने सभी से चर्चा कर आगामी बैठकों मे पर्यटन विकास के लिये आए सुझावों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

Share This News :