Home > अपना शहर ,खास खबरे,
विधायक निधि से स्वीकृत किए 15 लाख रूपए

ग्वालियर । प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि सिविल अस्पताल हजीरा को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त बनाया जायेगा। इसके लिये उन्होंने अपनी विधायक निधि से 15 लाख रूपए की राशि कलर्ड अल्ट्रासाउण्ड मशीन और डेन्टल एक्स-रे मशीन क्रय करने के लिये प्रदान की। इसके साथ ही चिकित्सालय में एक महिला चिकित्सक सहित अन्य अधीनस्थ अमले की तुरंत पदस्थापना करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। 
उन्होंने यह निर्देश सिविल अस्पताल हजीरा की रोगी कल्याण समिति की बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर राहुल जैन, एसडीएम ग्वालियर महिप तेजस्वी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन, सिविल सर्जन डॉ. वी के गुप्ता, प्रभारी मेडीकल ऑफीसर डॉ. प्रशांत नायक, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. आर पी शर्मा सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे। पवैया ने कहा कि हजीरा सिविल अस्पताल ग्वालियर शहर का एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। ग्वालियर उपनगर क्षेत्र में बड़ी आबादी इस संस्थान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवायें प्राप्त करती है। संस्थान सभी आधुनिक चिकित्सीय सुविधायें मुहैया कराने के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। उन्होंने स्थानीय जरूरत को दृष्टिगत रखते हुए अपनी विधायक निधि से 12 लाख रूपए नवीन कलर्ड अल्ट्रासाउण्ड मशीन क्रय करने तथा 3 लाख रूपए डेन्टल एक्स-रे मशीन क्रय करने के लिये स्वीकृत की है। इसके साथ ही सिविल अस्पताल में तैयार किए जा रहे ऑपरेशन थियेटर का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थियेटर के समीप 4 बैडेड पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड भी तैयार कराया जाए। इसके लिये सभी आवश्यक उपकरण रोगी कल्याण निधि से क्रय किए जाएँ। साथ ही ऑपरेशन थियेटर के लिये ढ़ाई लाख रूपए की राशि फर्नीचर क्रय करने हेतु समिति द्वारा स्वीकृत की गई। 
पवैया ने सिविल सर्जन डॉ. गुप्ता को निर्देश दिए कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन आकस्मिक रूप से सिविल अस्पताल का निरीक्षण करें और जो चिकित्सक या स्वास्थ्य अमला कर्तव्य में लापरवाही करता हुआ पाया जाए, उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि उनके द्वारा सिविल अस्पताल और बिरलानगर प्रसूतिगृह का निरीक्षण किया जा चुका है। सिविल अस्पताल को जिला चिकित्सालय मुरार की तर्ज पर कम्प्यूटराईज्ड कराया जायेगा। साथ ही चिकित्सालय में आने वाले वरिष्ठजनों के लिये पृथक से ओपीडी और दवा वितरण हेतु विण्डो का निर्धारण किए जाने के निर्देश प्रभारी अधिकारी को दिए गए हैं। श्री जैन ने बताया कि ई-औषधि सॉफ्टवेयर के माध्यम से चिकत्सालयों में उपलब्ध दवाओं को ऑनलाईन किया गया है। जिससे चिकित्सक कभी भी अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 
 
बिरलानगर प्रसूतिगृह का विस्तार होगा 
पवैया ने कहा कि बिरलानगर प्रसूतिगृह को व्यवस्थित करने के लिये उसके विस्तार की आवश्यकता है। इसके लिये प्रसूतिगृह के समीप संचालित किए जाने वाला विकलांग पुनर्वास केन्द्र के लिये जिला प्रशासन नवीन भवन उपलब्ध करायेगा। यह व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद उस भवन में भी स्वास्थ्य सेवायें स्थापित की जा सकेंगीं। 
 
लधेड़ी चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंत्री चिंतित 
बैठक के दौरान पवैया ने कहा कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संचालित लधेड़ी स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ चिकित्सकों द्वारा गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इसके लिये सिविल सर्जन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किस क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें प्राप्त हो सकें। जो चिकित्सक काम नहीं कर रहे हैं, उनके विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। 

Share This News :