Home > अपना शहर ,खास खबरे,
निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने में सहयोगी बनें – कलेक्टर

ग्वालियर । राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सभी अभ्यर्थी आदर्श आचरण संहिता का पालन कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से निर्वाचन सम्पन्न कराने में मदद करें। किसी भी प्रतिनिधि एवं अभ्यर्थी का व्यवहार ऐसा न हो, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन होता हो। यह बात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल जैन ने नगर पालिका डबरा के अध्यक्ष के उप निर्वाचन कार्यक्रम के सिलसिले में आयोजित हुई राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों की बैठक में कही। बैठक में निर्वाचन प्रेक्षक श्री आर आर गंगारेकर और पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष मौजूद थे। 
गुरूवार को तहसील कार्यालय परिसर डबरा में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव संबंधी हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि विधिवत अनुमति लेकर ही सभा व जुलूस इत्यादि का आयोजन करें। सभाओं की अनुमति “पहले आओ-पहले पाओ” के सिद्धांत के आधार पर दी जायेगी। कलेक्टर ने संपत्ति विरूपण अधिनियम की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि कोई भी उम्मीदवार शासकीय परिसम्पत्तियों का उपयोग प्रचार-प्रसार के लिये नहीं करें। जैन ने कहा कि सभी अभ्यर्थी चुनावी खर्चे का हिसाब-किताब एक पंजी में संधारित करें और उसका ब्यौरा नियमित रूप से रिटर्निंग अधिकारी के यहाँ प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि पेड न्यूज को लेकर भी सभी राजनैतिक दल व अभ्यर्थी सजग रहें। एमसीएमसी कमेटी द्वारा प्रिंट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया से प्रसारित होने वाली चुनावी खबरों पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी। 
प्रेक्षक गंगारेकर ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि ईवीएम की कमीशनिंग और रेण्डमाइजेशन के दौरान अपने प्रतिनिधियों को जरूर भेजें। साथ ही मतदाना शुरू होने से पहले अपने एजेण्ट को मतदान केन्द्र पर मौजूद रहने के लिये कहें, ताकि वह मॉकपोल की प्रक्रिया देख सकें। पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि हरेक प्रतिबंधात्मक आदेश और आचार संहिता का उल्लंघन संज्ञेय अपराध है। इसलिये सभी अभ्यर्थी आचार संहिता और प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करें। उन्होंने कहा अभ्यर्थी और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि स्थानीय निकाय चुनाव अधिनियम का भी अध्ययन कर लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डबरा नगर पालिका अध्यक्ष के उप निर्वाचन के दौरान हर मतदान केन्द्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जायेंगे, जिससे मतदाता निर्भीक होकर वोट डाल सकें। बैठक में रिटर्निंग अधिकारी एवं डबरा एसडीएम गणेश जायसवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर सी मिश्रा, डबरा नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थी और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों समेत चुनाव के लिये तैनात किए गए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर अधिकारी मौजूद थे। 
 
“चुनाव” मोबाइल एप का लाभ उठायें 
कलेक्टर राहुल जैन ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे मतदाताओं को “चुनाव” मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिये प्रोत्साहित करें। इस एप के माध्यम से मतदाता ऑनलाईन पर्ची प्राप्त कर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि गूगल प्लेस्टोर से यह एप आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। 

Share This News :