Home > अपना शहर ,खास खबरे,
जेएएच समूह के सभी ऑपरेशन थियेटर वातानुकूलित और सुसज्जित होंगे

ग्वालियर । जेएएच समूह के सभी ऑपरेशन थियेटर वातानुकूलित और सुसज्जित होंगे। अभी तक जेएएच समूह में 63 एसी लगाए जा चुके हैं, 25 और एसी खरीदने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय बुधवार को गजराराजा मेडीकल कॉलेज के सभाकक्ष में आयोजित हुई बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्वालियर संभाग के कमिश्नर और मेडीकल कॉलेज स्वशासी संस्था के अध्यक्ष एस एन रूपला ने की। 
बैठक में यह भी तय किया गया कि सुविधा की दृष्टि से हॉस्पिटल चिकित्सालय परिसर में ही एक हजार बैडेड हॉस्पिटल का निर्माण कराया जाए। कमिश्नर ने नगर निगम उपायुक्त भदौरिया को निर्देश दिए कि कमलाराजा एवं सुपर स्पेशियलिटी के बीच लगभग 300 मीटर लम्बे नाले को पक्का कबड़ करने के लिये हर हाल में अमृत योजना में शामिल किया जाए। बैठक में मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन अयंगर, जेएएच अधीक्षक एवं संयुक्त संचालक डॉ. जे एस सिकरवार सहित कॉलेज के विभागाध्यक्ष मौजूद थे। बैठक में जेएएच समूह को वातानुकूलित करने पर चर्चा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि समूह के 14 ऑपरेशन थियेटर को पूरी तरह से एसी लगाकर सुसज्ज्ति किया जाए। बैठक में बताया गया कि ऑपरेशन थियेटर में 3 एसी होना जरूरी है। पूर्व में 8 अतिरिक्त एसी लगाये जा चुके हैं, 25 और एसी लगाने की जरूरत है। इस पर कमिश्नर ने तत्काल 25 एसी खरीदने के निर्देश दिए। ट्रॉमा सेंटर पर एनोट्रोमी से निकलने वाले 12 एसी ट्रॉमा सेंटर में लगाने के निर्देश दिए गए। जेएएच समूह में अभी तक 63 एसी लगाये जा चुके हैं। 
चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि मनोरोग विभाग को अगले चार दिन में माधव डिस्पेंसरी के ऊपर शिफ्ट किया जाए। लाइट फिटिंग की भी पर्याप्त व्यवस्था हो जाए। अस्पताल परिसर में सीसीटीव्ही कैमरों को लगाने के कार्य आदेश जारी किए गए हैं, सीसीटीव्ही कैमरे शीघ्र लग जाएँ। इसी तरह नवीन एजेन्सी को कैथलैब खरीदी के लिये दिए गए आदेश के तहत प्रयास ऐसे हों कि शीघ्र कैथलैब स्थापित हो जाऐ, इसके लिये लगातार एजेन्सी से संपर्क करते रहें। रेडियोलॉजी विभाग में दो अल्ट्रासाउण्ड मशीन क्रय करने, स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग में एक और अतिरिक्त अल्ट्रासाउण्ड मशीन का प्रस्ताव शासन को भिजवाने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम के तहत मेडीकल कॉलेज में विस्तार के तहत स्वीकृत हुए 112 करोड़ रूपए की योजना पर शीघ्र अमलीजामा पहनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस्तार के लिये खाली हुए मकानों को तत्काल डिस्मेंटल करने की कार्यवाही पूर्ण की जाए। 
माधव डिस्पेंसरी के ऊपर पानी की टंकी के लीकेज होने पर टंकी को बनाने के लिये लोक निर्माण विभाग ने बनाये गये 81 हजार रूपये के प्रस्ताव को स्वीकृत करने के निर्देश कमिश्नर ने दिए। उन्होंने कहा कि मेडीकल कॉलेज, अस्पताल ओपीडी, हॉस्टल ऑडिटोरियम क्लास आदि के सिविल वर्क कार्य बजट में प्रावधान होने पर ही हो सकेगा। कमिश्नर ने यह भी निर्देश दिये कि खरीदे गए 300 गद्दों को आवश्यकता के अनुरूप वितरण करायें। उन्होंने स्ट्रेचर और व्हील चेयरों को भी ऐसे स्थानों पर रखने के निर्देश दिये जहाँ इनकी आवश्यकता है। मौके पर कमिश्नर ने अटेण्डरों को आसानी से एवं न्यूनतम रेट पर सस्ता भोजन प्राप्त हो सके, इसके लिये हॉस्पिटल परिसर में ही एक कैन्टीन भवन बनाने का सुझाव दिया। इस भवन से अटेण्डरों को 24 घण्टे भोजन, नाश्ता मिल सके। इसकी कार्ययोजना तैयार की जाए।

Share This News :