Home > अपना शहर ,खास खबरे,
ऑसम आटा कंपनी 150 करोड़ लेकर गायब

ग्वालियर। नोटबंदी और जीएसटी का बहाना बनाकर ग्वालियर के कई बड़े व्यापारी अन्य छोटे व्यापारियों का पैसा लेकर भाग रहे है। ग्वालियर के दो बड़े व्यापारी 200 करोड़ रूपये की चपत व्यापारी बंधुओं को लगा चुके हैं और अंडरग्राउंड हो गये हैं। व्यापारी अपने पैसे के लिए इनके यहां चक्कर लगा-लगा कर परेशान है। 
ग्वालियर में बीपी फूड इण्डस्ट्रीज के नाम से ऑसम ब्राण्ड के आटे का कारोबार करने वाली इस कंपनी के कर्ता-धर्ता मार्केट से डेढ़ सौ करोड़ का माल असबाब समेट कर गायब हैं। इस कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने किसानों और छोटे व्यापारियों से लगातार गेंहू आपूर्ति लेकर उनका डेढ़ सौ करोड़ रूपया बकाया कर दिया है और अब उन्हें राशि देने से मना कर रहे हैं। यह व्यापारी व किसान इनके मालनपुर प्लांट पर रोज तकादे के लिए पहुंच रहे है, लेकिन यह प्लांट से गायब हो गये है। इसके कर्ता धर्ताओं में रवि बंसल हैं जिसको बाजार के सभी लोग ढूंढ रहे है। लेकिन यह किसी के हाथ नहीं आ रहे है। इस प्लांट में ग्वालियर के चेंबर के एक पूर्व पदाधिकारी भी पार्टनर है, लेकिन पैसा मांगने वाले लोगों की बढ़ती भीड़ से वह भी शांत हैं।
बताया जाता है कि बीपी फूड के संचालक रवि अग्रवाल ने ग्वालियर के व्यापारियों को बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि के साथ अपने संबंध बताकर आटे की सप्लाई का ख्वाब दिखाया था कि पतंजलि के साथ उनका ब्राण्ड बनाने का अनुबंध हो गया है, इसलिये मैं सबको पतंजलि से जोड़ दूंगा। लेकिन बीपी फूड के आटे में उच्चतम क्वालिटी न होने से इसका ऑसम आटा का सेंपल पतंजलि में फेल हो गया था, जिस कारण अब यह कंपनी बाजार व किसानों का पैसा नहीं दे रही है। कुछ व्यापारी पुलिस व प्रशासन के पास भी गये है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अभी तक व्यापारियों व किसानों का पैसा लेकर भागे रवि अग्रवाल की तलाश शुरू नहीं की है। बताया जाता है कि रवि ने कुछ बड़े अधिकारियों से चेंबर ऑफ कॉमर्स की आड़ में सांठगांठ कर ली है।
इसी प्रकार महाकोस खाद्य तेल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर संजय अग्रवाल भी लगभग बाजार से 20 करोड़ रूपया लेकर गायब है। व्यापारी उन्हें ढूंढ रहे हैं, लेकिन उनका अता पता नहीं है। कुल मिलाकर व्यापारी व बड़े कारोबारी नोटबंदी व जीएसटी का नाम लेकर बाजार से गायब होने में लगे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का पैसा बुरी तरह फंस गया है।

Share This News :