Home > अपना शहर ,
सीआरपीएफ कैम्प में रोपे 1100 पौधे

ग्वालियर। सीआरपीएफ कैम्प पनिहार में केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय, ग्वालियर द्वारा मंगलवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। 
वृक्षारोपण के इस आयोजन में केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय सीआरपीएफ में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं, कार्मिकों एवं अधिकारियों ने 1100 पौधों का रोपण किया एवं पूरे सप्ताह भर में लगभग 5 हजार पौधों का रोपण करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिनमें गुलमोहर, पीपल, नीम, सीरस, आंवला, अमरूद इत्यादि प्रजाति के पौधे प्रमुख है। ज्ञातव्य है कि सीआरपीएफ द्वारा पिछले 4 वर्षों से प्रत्येक वर्ष 5 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। इस प्रकार 20 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है जो अभी बड़े वृक्षों का रूप धारण कर लिए हैं। 
पुलिस महानिरीक्षक आर पी पाण्डेय ने कहा कि ऑक्सीजन और हाईड्रोजन से मिलकर पानी का निर्माण होता है, अगर पर्यावरण में ऑक्सीजन की कमी हुई तो नि:संदेह पानी की कमी होगी। जिससे सम्पूर्ण जीवन खतरे में आ सकता है। इसलिये वृक्ष ऑक्सीजन का मुख्य स्त्रोत होने के कारण इनको लगाना व संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है। 
विशिष्ट अतिथि डीआईजी आर सी मीणा ने वृक्षों को गृह का फेंफड़ा बताया तथा सीआरपीएफ के जवानों के अथक मेहनत एवं वन विभाग के सक्रिय सहयोग के चलते लगाए गए पौधों की उत्तर जीविता 90 प्रतिशत से अधिक रही है क्योंकि पथरीली पहाड़ियों में पौधों के लिये गड्डे-खोदना एवं उसमें उपजाऊ मिट्टी व खाद डालकर पौधे की वर्ष पर्यन्त देखभाल करना अत्यंत कठिन कार्य है। आंतरिक सुरक्षा के अतिरिक्त वृक्षारोपण भी हमारा राष्ट्रीय एवं नैतिक कर्तव्य है तथा आने वाले समय में वातावरण के संरक्षण में यह संस्थान अपना अमूल्य एवं सराहनीय योगदान देता रहेगा।
इस अवसर पर डीआईजी आर सी मीणा, उप कमाण्डेंट संजीव शर्मा, उप कमाण्डेंट पंचम लाल, उप कमाण्डेंट सत्यबीर भी उपस्थित रहे तथा सभी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। इनके अतिरिक्त अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, ट्रेनीज एवं जवानों ने बढ-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Share This News :