Home > अपना शहर ,खास खबरे,
सिटी बस संचालन के लिये ऑपरेटरों को हर तरह की सुविधायें उपलब्ध होंगी

ग्वालियर । स्मार्ट सिटी योजना के तहत ग्वालियर शहर के भीतर एवं प्रदेश व प्रदेश के बाहर के शहरों में अत्याधुनिक बसें चलाई जायेंगी। ग्वालियर के सिटी बस ऑपरेटरों को बस चलाने के लिये सिटी बस कंपनी हर तरह की सुविधायें मुहैया करायेगी। बस ऑपरेटरों को सरकार की ओर से 40 प्रतिशत तक अनुदान भी उपलब्ध कराया जायेगा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने सिटी ट्रांसपोर्ट से जुड़े बस ऑपरेटरों की बैठक में यह बात कही। बैठक में शहरी विकास विभाग के कंसलटेंट परीजात जैन, स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती बिदिशा मुखर्जी सहित विभागीय अधिकारी और बस ऑपरेटर उपस्थित थे। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि सिटी बस ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा शहर के अंदर और प्रदेश व प्रदेश के बाहर बस चलाने के लिये बस ऑपरेटरों को सभी प्रकार की सुविधायें मुहैया करायेगा। बस ऑपरेटर आपसी सलाह-मश्वरा कर रूट का एक प्लान तीन दिन में तैयार कर प्रस्तुत करें। बस ऑपरेटरों द्वारा दिए गए रूट प्लान पर ही सिटी बस ट्रांसपोर्ट कंपनी विचार-विमर्श कर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सिटी बस के लिये सरकार द्वारा पृथक से बस स्टेण्ड, बस स्टॉप की व्यवस्था की जायेगी। सिटी बस के माध्यम से बस ऑपरेटर अधिक से अधिक आय अर्जित कर सकें, इसके लिये सरकार द्वारा अनेक प्रावधान किए गए हैं। बस ऑपरेटर अपनी बस पर विज्ञापन भी कर सकेंगे। इस विज्ञापन की राशि का बड़ा हिस्सा बस मालिकों को प्राप्त होगा।
बैठक में बताया गया कि सिटी ट्रांसपोर्ट के तहत इलेक्ट्रोनिक टिकिट सिस्टम, जीपीएस सिस्टम लागू किया जायेगा। महाराज बाड़े पर कंट्रोल कमाण्ड सिस्टम से भी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस जुड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा को क्लस्टर में विभाजित कर क्रियान्वित किया जायेगा। नगरीय विकास विभाग भोपाल से पधारे कंसलटेंट परीजात जैन ने बस ऑपरेटरों को बताया कि सभी बस ऑपरेटरों से 7 साल का अनुबंध किया जायेगा। बस ऑपरेटरों की सलाह पर बस रूट को घटाया-बढ़ाया और बदला जा सकेगा। नए रूट पर बस चलाने का अधिकार “पहले आओ-पहले पाओ” की तर्ज पर रहेगा। उन्होंने बताया कि बस ऑपरेटरों को सुरक्षा प्रदान करने का कार्य भी कंपनी द्वारा किया जायेगा। बैठक में स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने सिटी ट्रांसपोर्ट की अवधारणा और बस ऑपरेटरों के लिये दी जाने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बस ऑपरेटरों द्वारा बस संचालन के संबंध में अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनका नगर निगम आयुक्त द्वारा समाधान किया गया। सभी ऑपरेटरों द्वारा एक मत से रूट का प्लान तीन दिन के बाद प्रस्तुत करने की सहमति दी गई।

मानसिंह चौराहा का होगा सौंदर्यीकरण
ग्वालियर के मानसिंह चौराहे पर रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से यातायात को और बेहतर बनाया जा सकेगा। रेलवे ओवरब्रिज के कारण महाराजा मानसिंह की प्रतिमा को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जायेगा। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने सोमवार को पुलिस कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और निगम अधिकारियों के साथ चौराहे का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चौराहे के विकास के संबंध में विस्तृत प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा है कि चौराहे के प्लान में चौराहे का सौंदर्यीकरण और मूर्ति का स्थान भी प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि चौराहे पर हरियाली और विद्युत सजावट का प्रावधान भी रखा जाए।

Share This News :