Home > अपना शहर ,खास खबरे,
निगमायुक्त फंसे पेंच में , स्मार्ट सिटी की योजनाएं सिर्फ कागजों पर

ग्वालियर। नगर निगम के निगमायुक्त विनोद शर्मा पूर्व निगमायुक्त द्वारा की गई प्रशासनिक सर्जरी के पेंच में फंस गये हैं। वह चाह कर भी कोई काम नहीं कर पा रहे हैं इतना ही नहीं कोई भी प्रशासनिक फाइल भी इधर से उधर करने मेें निगमायुक्त हिचकिचा रहे हैं। इसके चलते सबसे पहले उनका लक्ष्य है कि वह निगम में बडी प्रशासनिक सर्जरी करें और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करें । उसके बाद वह स्मार्ट सिटी के कागजों में हाथ डालेंगे। 
नगर निगम में जबसे निगमायुक्त विनोद शर्मा पदस्थ हुये हैं उसके बाद से वह पूर्व निगमायुक्त अनय द्विवेदी द्वारा की गई प्रशासनिक सर्जरी के गलत सिस्टम से परेशान हो गये हैं। निगमायुक्त विनोद शर्मा के सेवा निवृत होने में दो साल बचे हैं। वह ग्वालियर को स्मार्ट बनाने का सपना लेकर आए हैं , लेकिन स्मार्ट सिटी का काम अभी तक कागजों पर ही चल रहा है। उसका कोई ठोस प्रोजेक्ट अभी तक बनकर तैयार नहीं हो पाया है। वहीं ना ही कोई ठोस योजना अभी तक तैयार हो सकी है। हालांकि कलेक्टर से लेकर निगमायुक्त अपनी पदस्थापना के बाद से कई बार सिर जोड कर बैठ चुके हैं , लेकिन स्मार्ट सिटी का काम कागजों पर ही चल रहा है। हालांकि इसे लेकर मंत्री से लेकर जिला प्रशासन अब तेजी से काम करने के प्रयास कर रहा है। लेकिन अभी तक सभी विभाग ढाक के तीन पात की स्थिति में ही हैं। जिला कलेक्टर भी कामों को लेकर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दे चुके हैं वहीं मंत्री जयभान सिंह पवैया भी नाराजगी दिखा चुके हैं। अब देखना है कि निगम से लेकर जिला प्रशासन क्या स्मार्ट सिटी की योजनाओं पर अमल करते हुए उसे मूर्त रूप जल्दी दे पाएगा या सिर्फ कागजों में ही योजनाएं आगे बढती रहेंगी इसका इंतजार रहेगा। और निगमायुक्त विनोद शर्मा कुछ ग्वालियर के लिए करना भी चाहते हैं जैसे वह मुरैना में विकास कार्यों की लंबी श्रंखला छोडकर आए हैं। उनका सपना है कि ग्वालिर को इंदौर की तर्ज पर विकसित करें।

Share This News :