Home > अपना शहर ,
JAH में दिखावे के सुरक्षा गार्ड झगड़े होते ही हो जाते हैं गायब

अंचल के सबसे बड़ें जयारोग्य अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। कहने और बताने के लिए ग्लोव सिक्योरिटी एजेंसी को जेएएच की सुरक्षा का ठेका दिया गया है, लेकिन ये सुरक्षा कर्मी सिर्फ दिखावे के है। हाथ में डंडा और सिक्योरिटी एजेंसी की वर्दी में दिखने वाले सुरक्षा कर्मी अक्सर तब गायब हो जाते है जब उनकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जी हां, कल सोमवार की रात को भी ऐसा ही हुआ। कमलाराजा अस्पताल के लेबर वार्ड में मरीजों के साथ बैठे अटेंडरों को जब जूनियर डॉक्टर डॉ.रोमा ने बाहर जाने के लिए कहा तो वह भड़क गए। रात के वक्त अस्पताल में अटेंडेंट ने हगांमा मचा दिया। इस झगड़े में डॉ.रोमा को मामूली चोट भी आई। हैरानी की बात ये है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्लोव सिक्योरिटी एजेंसी के सुरक्षा कर्मी गायब रहे। हालांकि बाद में जब जेएएच अधीक्षक डॉ.जेएस सिकरवार मौके पर पंहुचे तब जाकर सुरक्षा कर्मी नजर आए।

न लगे सीसी टीवी कैमरे न मिले चुस्त सुरक्षा कर्मी
इस तरह के घटनाक्रम में अक्सर संबधित जूनियर डॉक्टर पर ही मरीज व उनके परिजनों को परेशान करने का आरोप लगता है। इसी से परेशान जूनियर डॉक्टर कई बार सीसी टीवी लगाए जाने की मांग कर चुके है। इसके अलावा सुरक्षा के नाम पर चुस्त सुरक्षा कर्मी भी नही है। खुद जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर कई बार कॉलेज व जेएएच प्रबंधन को लिखा है।

जवाब मांगते सवाल

  •     अस्पताल के अंदर अनावश्यक लोग न जाए इसके लिए गेट पास की व्यवस्था है। सवाल ये है कि सुरक्षा कर्मियों के होते हुए व्यवस्था में सेंधमारी आखिर कैसे संभव है?
  •     क्या सच में ग्लोव सिक्योरिटी एजेंसी के सुरक्षा कर्मी सक्षम हैं?
  •     अगर सक्षम है तो फिर वार्ड में अनावश्यक मरीजों की भीड कैसे लग जाती है?
  •     अस्पताल के अंदर अटेंडेंट को बाहर निकालने पर डॉक्टरों से होने वाले झगडे के वक्त सुरक्षा कर्मी कहां गायब हो जाते है?
  •     क्या सुरक्षा एजेंसी की यह खामी पूरे अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा को खतरे में नहीं डालती?


अधीक्षक बोले- मेरे हाथ में कुछ नहीं
झगडे की खबर मिलने के बाद रात में जेएएच अधीक्षक डॉ.जेएस सिकरवार मौके पर पंहुचे। यहां जूनियर डॉक्टर ने सुरक्षा में बडी चूक मिली। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगने से लेकर सुरक्षा एजेंसी के कामकाज पर भी असंतोष जताया। जूनियर डॉक्टरों की इस शिकायत को सुनकर जेएएच अधीक्षक डॉ.सिकरवार ने  कहा कि क्या करे मेरे हाथ में कुछ नहीं है। इन व्यवस्थाओं के लिए कई बार मैंने पत्र लिखे हैं।  अधीक्षक की बात सुनकर जूनियर डॉक्टर भी हैरान हो गए।

Share This News :