Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
लहार की लहर पर सवार होकर कांग्रेस लड़ेगी विस चुनाव

लहार में सोमवार को कांग्रेसी दिग्गजों के एक मंच से हुंकार के बाद यह तय हो गया कि 13 साल से सत्ता से दूर बैठी कांग्रेस अगला चुनाव लहार की लहर पर सवार होकर लड़ेगी।
लहार के भाटनताल में हुए कांग्रेस के किसान स्वाभिमान सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के सारे क्षत्रपों ने एक मंच पर आकर यह जता दिया कि 2018 का विधानसभा चुनाव सत्तादल के लिए आसान नहीं होगा। भाटनताल के मंच से कांग्रेस क्षत्रपों ने साफ कर दिया कि 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान टारगेट पर होंगे। साथ ही व्यापमं, अवैध खनन और मंदसौर गोली कांड के सहारे सत्ता पाने की तैयारी है। कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हल्का हमला किया लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को अपने टॉप टारगेट पर रखने के साथ सीएम को चुल्लू भर पानी में डूबने के सलाह दे दी वहीं सांसद कमलनाथ ने शिवराज सिंह पर निशाना साधने के साथ ही मालनपुर में बंद होते उद्योग पर चुटकी काट ली। कांग्रेस नेता विवेक तनखा ने भी शिवराज सिंह पर व्यापमं और मंदसौर गोली कांड को लेकर हमला बोला और 2018 विस चुनाव में जनता से इंसाफ करने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव अपने भाषण में मंदसौर को छूने के साथ ही प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शिवराज को किसानों की मौत पर राजनीति करने वाला बताया। सिने अभिनेता राजबब्बर ने किसान और युवाओं की मौत का बदला लेने के लिए 2018 में कांग्रेस की जिताने का आह्वान किया।

सिंधिया दरबार में दिग्गी गुट को तवज्जो
लहार में हुई किसान रैली से पहले सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में शहर और ग्रामीण और अंचल से कांग्रेस के सिर्फ छह नेताओं को ही एंट्री दी गई। गौरतलब है कि लहार सम्मेलन में भाग लेने वायुमार्ग से ग्वालियर आ रहे प्रदेश के बड़े नेताओं के इंतजार में बैठे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथपूर्व सांसद रामसेवक सिंह गुर्जर, डबरा विधायक इमरती देवी सुमन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह राठौर और शहर कांग्रेस का कामकाज देख रहे पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल शामिल थे। खास बात यह है कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह खेमे के झंडाबरदार पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव को अपने साथ बिठाया बल्कि पूर्व विधायक केपी सिंह को भी अपने साथ रखा। इससे कांग्रेस हलकों में कयास लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में इन नेताओं को महल से जिम्मेदारी मिलेगी।

Share This News :