Home > अपना शहर ,
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने किया कलेक्ट्रेट पहाड़ी पर वृक्षारोपण

ग्वालियर । मध्यप्रदेश राजस्व मण्डल के अध्यक्ष और भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मनोज गोयल के मुख्य आतिथ्य में कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ग्वालियर में पदस्थ सभी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 300 से अधिक पौधे रोपित किए गए। 
इस अवसर पर संभाग आयुक्त एस एन रूपला, राजस्व मण्डल के सदस्य एस अली, आबकारी आयुक्त अरूण कोचर, पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर अनिल कुमार, अपर आयुक्त राजस्व डी डी अग्रवाल, अपर आयुक्त परिवहन आर के जैन, कलेक्टर राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, सचिव राजस्व मण्डल श्री अरूण तोमर, अपर आयुक्त आबकारी अशोक कुमार, आयुक्त नगर निगम विनोद शर्मा, सीईओ जिला पंचायत नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जीडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेश कुमार, मुख्य वन संरक्षक विक्रम सिंह, एडीएम शिवराज वर्मा सहित जिले के अन्य सभी प्रशासनिक व राजस्व अधिकारी-कर्मचारी और आनंदम कार्यक्रम से जुड़े आनंदक उपस्थित थे। इस अवसर पर गोयल ने कहा कि पौध रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर को हरा-भरा बनाने के लिये तथा कलेक्ट्रेट में आने वाले आम लोगों की सुविधाओं के लिये किए गए प्रयासों की सराहना की और वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी के लिये आनंदम टीम को शुभकामनायें दीं। संभाग आयुक्त रूपला ने कहा कि पर्यावरण में वृक्षों के महत्व को अब और अधिक परिभाषित करने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि समाज का हर व्यक्ति वृक्षों की उपयोगिता और उनके महत्व को गंभीरता से समझता है। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ-साथ वृक्षों के संरक्षण किए जाने पर विशेष जोर दिया। 
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर 2 जुलाई से हरियाली महोत्सव प्रारंभ किया जा चुका है। इसके तहत इस दिन प्रतीक स्वरूप 200 पौधों का रोपण भी इसी कलेक्ट्रेट पहाड़ी पर किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिले में मानसून के आगमन के साथ ही यह अभियान शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी के साथ संचालित किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष साढ़े 8 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इस कार्य में स्वयंसेवी संगठनों और स्व-सहायता समूहों को भागीदार बनाने के लिये की गई पहल के बारे में भी बतलाया। साथ ही ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा कैंसर जैसे भयानक रोग के प्रति जन चेतना विकसित करने के लिये कलेक्ट्रेट कार्यालय में लगाई गईं “कैंसर रोग दान पेटी” और उसके उद्देश्य के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व एडीएम शिवराज वर्मा ने वृक्षारोपण कार्यक्रम और जिले में आनंद विभाग की गतिविधियों के बारे में संक्षिप्त में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन आनंदम सहयोगी डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा ने किया।

Share This News :