Homeखास खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
योग एक ऐसा माध्यम है जो पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांध सकता हैः शिवराज

भोपाल। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में भोपाल के लाल परेड मैदान पर हुआ। इस दौरान सीएम ने लोगों को योग से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग से लोग निरोग रहते हैं इसलिए योग को अपने जीवन में शामिल करें।पढ़ें पूरी खबर...

-इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योग ही एक ऐसा माध्यम है जो पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांध सकता है। लोगों को योग को जीवन में ठीक उसी तरह इस्तेमाल करना चाहिए जिस तरह नमक किया जाता है। इससे पहले जब सीएम योग स्थल पर पहुंचे थे तो छात्रों ने उन्हें घेर लिया। सीएम ने छात्रों संग सेल्फी और फोटोज क्लिक करवाए इसके बाद योग का कार्यक्रम शुरू किया गया।
-मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, मुकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवन मुक्तासन, शवासन, कपालभाति, प्रणायाम, नाड़ी शोधन, अनुलोम विलोम और शीतली और भ्रामरी प्राणायाम योग आसन किए।

-कार्यक्रम की शुरुआत में मध्यप्रदेश गान का गायन हुआ और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री निवास में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने बच्चों को संबोधित करते हुए उनसे मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि अच्छी पढ़ाई के लिए योग बहुत जरूरी है।

-उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ें, उनकी उच्च शिक्षा में कोई बाधा नहीं आयेगी। राज्य सरकार ने प्रभावी योजनाएं लागू की हैं, जिनमें बिना जाति, धर्म आदि के भेदभाव के गरीब, निम्न, मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा में मदद की जाएगी।
-जिला मुख्यालयों पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम मंत्री परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में हुआ। इसके लिए मंत्री गणों को जिले आवंटित किए गए थे। ये सामूहिक योग कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया जा गया है।
भाजपा कार्यालय में भी हुआ योग
भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में भी बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिविर का आयोजन किया गया। इस
अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है। संसार के सबसे प्राचीन ऋग्वेद में योगिक क्रियाओं का उल्लेख मिलता है। पंतजलि ने इसे व्यवस्थित रूप दिया। तनावपूर्ण जीवन में योग ही वह साधन है, जिससे जीवनधारा को बदला जा सकता है।


-प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि नागरिकों की जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योग की आवश्यकता सर्वत्र महसूस की जा चुकी है। योग के नियमित अभ्यास से रोग नियंत्रण और व्याधि मुक्ति संभव है। योग दिवस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत, कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share This News :