Home > अपना शहर ,
व्यापारी और प्रशासन मिलकर संवारेंगे ग्वालियर को

ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ग्वालियर इकाई ने आज ’’ग्वालियर का विकास-व्यापारियों एवं प्रशासन की भूमिका’’ पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया। होटल विवेक कॉन्टीनेन्टल में संत कृपाल सिंह महाराज के विशेष सानिध्य, संभागायुक्त एसएन रूपला के मुख्यातिथ्य, ग्वालियर रेंज के आईजी अनिल कुमार की अध्यक्षता, पुलिस अधीक्षक डॉ. आषीश के विशेष आतिथ्य तथा चेम्बर के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस विचार संगोष्ठी में कैट एवं चेम्बर के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित नगर के गणमाण्य व्यापारियों को ग्वालियर के विकास व व्यापार-व्यवसाय के हित से जुड़े विभिन्न सामयिक व ज्वलंत विषयों पर खुलकर अपनी बात रखने का अवसर मिला। संगोष्ठी में उपस्थित पुलिस एवं प्रषासन के आला अफसरों ने व्यापारियों की समस्याओं का संतोषप्रद ढंग से समाधान किया।
संभागायुक्त एसएन रूपला ने संगोष्ठी में कहा कि जिन लोगों ने बीस वर्ष पहले ग्वालियर शहर देखा होगा, उन्हें आज के ग्वालियर में सकारात्मक एवं बेहतरीन परिवर्तन महसूस हो रहे होंगे। ग्वालियर आज जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है उसमें प्रशासन, व्यापारी, उद्योगपति, आम आदमी, उपभोक्ता सभी का सम्मिलित प्रयास है। उन्होंने इस बात पर चिन्ता जताई कि ग्वालियर में नए उद्योग तेजी से नहीं आ रहे हैं जबकि यहां मालनपुर व बानमोर जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र हैं। किसी भी शहर में उद्योगों की स्थापना से वहां व्यापार-व्यवसाय की प्रगति के नवद्वारों का सूत्रपात होता है। उन्होंने इस दिशा में सभी से प्रयास करने का आव्हान किया। उन्होंने ग्वालियर में अधिकाधिक ई-रिक्षा चलाने पर जोर दिया तथा स्टोन पार्क व्यवसायिओं की समस्याआें के हल के लिए ठोस प्रयास करने के प्रति भी आश्वस्त किया। इससे पूर्व संत कृपाल सिंह महाराज ने अपने आर्शीवचन में कहा कि व्यापारी एवं प्रशासन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों का काम जनसेवा करना है। यदि इन दोनों पक्षों को एक-दूसरे की कार्यप्रणाली के प्रति कहीं कोई संशय है तो उसे मिल-बैठकर व सामंजस्य के साथ निराकृत किया जा सकता है। दोनों का ही काम पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर हम सभी का शहर है और इसे उन्नति के शिखर पर ले जाने का प्रथम दायित्व हमारा ही बनता है। 
ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने व्यापारियां को समय के साथ कदमताल मिलाते हुए टेक्नोसेवी होना चाहिए। अब कई एैसे गैजेट्स तथा नेट सिस्टम हैं जिनके जरिए व्यापारी असामाजिक तत्वों से अपने कारोबार व स्वयं की रक्षा कर सकते हैं। यदि हम अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे तो चोर तत्काल पहचान में आ जाएंगे तथा उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए बेहद आसान हो जाएगा। हालांकि सुरक्षा की सारी जिम्मेदिरियां हम व्यापारियों पर ही नहीं छोड़ सकते, पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारियां निभाने के प्रति सजग, सतर्क और तत्पर है। पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने आश्वस्त किया कि आगामी छह माह के भीतर हम ग्वालियर में व्यापारियों की अपेक्षाओं पर खरी उतरने वाली एक बेहतरीन पुलिसिंग व्यवस्था दे सकेंगे। उन्होंने सर्राफा व्यवसायिओं के साथ अपनी मुलाकात का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके द्वारा रखी गईं समस्याओं व शिकायतों की रजिस्टर पर नोटिंग कर पहले दिन से ही इनके हल की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। व्यापारीगण अतिशीघ्र शहर की पुलिस व्यवस्था में एक प्रभावी बदलाव अनुभव करेंगे, इस दिशा में हम जी-जान से जुटे हैं। 
इससे पूर्व कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया टेडर्स के प्रदेश सचिव ने संगोष्ठी पर प्रकाश डाला। मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्टी के अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर तेजी से स्मार्ट सिटी बनने की राह पर अग्रसित है। हमें इसके साथ कुछ अन्य व्यावहारिक समस्याआें की ओर भी ध्यान देना होगा। रॉ मटेरियल न मिल पाने के कारण स्टोन पार्क बंद होने के कगार पर है, डीएफओ स्तर पर कुछ माइन्स का काम रूका हुआ है, इसका निदान जरूरी है। मुरैना में नब्बै प्रतिशत ई-रिक्शा चल रहे हैं, शहर को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने यहां भी ज्यादा से ज्यादा ई-रिक्शा चलाए जाएं। उन्होंने चेम्बर द्वारा जीएसटी पर जानकारी देने तथा यूथ माइग्रेशन रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के संबंध में जानकारी दी। इससे पूर्व होटल विवेक कॉन्टीनेन्टल की एमडी डॉ. गरिमा वैष्य ने स्वागत उदबोधन दिया।

Share This News :