Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
नर्मदा अभियानः अब सरकार बेचेगी रेत, मुनाफा मजदूरों में बांटा जाएगा

भोपाल। आंख बंद करके किसी को नर्मदा से रेत नहीं निकालने दी जाएगी। क्योंकि नर्मदा केवल नदी बचाने का ही नहीं दुनिया बचाने का अभियान है। यह बात बुधवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित वृक्षारोपण की वेबसाइट के लोकार्पण के दौरान कही।पढ़ें पूरी खबर...
सरकार बेचेगी रेत
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार माइनिंग कॉरपोरेशन के जरिए रेत बेचेगी, ताकि कीमतें नियंत्रण में रहे। रेत बेचने से सरकार को जो भी मुनाफा होगा वो मजदूरों में बोनस के रूप में बांटा जाएगा।इसके साथ ही नदियों से हाथों से रेत निकाली जाएगी इससे मजदूरों को भी काम मिलेगा। नदी संरक्षण के लिए जो समिति बनाई गई है उसकी दिशा निर्देश के अनुसार ही रेत निकाली जाएगी। ताकि, नर्मदा के अलावा बाकी नदियों के भी जीव-जंतु सुरक्षित रहे।
-कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यह अभियान दुनिया का सबसे बड़ा अभियान बनेगा। यह नर्मदा को बचाने का अभियान है, जिससे देखते ही देखते सैकड़ों-हजारों लोग जुड़ गए है। नर्मदा को बचाने के लिए मेरा ये अभियान जारी रहेगा। मैं चाहता हूं कि इस वेबसाइट के जरिए लोग इस महाअभियान से जुड़े।
-सीएम ने कहा कि नर्मदा सेवा मिशन के तहत हर वर्ष वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। आगामी दो जुलाई को नर्मदा के तट और संपूर्ण कैचमेंट एरिया में वृक्षारोपण किया जाएगा। वन, राजस्व भूमि में वन प्रजाति और निजी भूमि पर फलदार पौधे लगाए जाएंगे। पेड़ों को जिंदा रखने के सभी जरूरी कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर मल-जल को नर्मदा की विपरीत दिशा में ले जाया जाएगा। उसे रि-सायकल कर बागानों, खेतों आदि में छोड़ा जाएगा। धर्म-प्रमुखों ने पूजन-विधि भी बदली है। पूजन-सामग्री विर्सजन के कुंड भी बन रहे है। जैविक खेती को बढ़ाया जाएगा।
-नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में प्रदेश में 2 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत नर्मदा बेसिन के जिलों में 6 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। आम लोगों की भागीदारी से होने वाले पौध-रोपण कार्यक्रम में पंजीयन के लिए सीएम ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर वेबसाइट का लोकार्पण किया।
सीएम ने पत्नी के साथ मिलकर कराया पंजीयन
इस मौके पर सीएम चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ नर्मदा सेवा मिशन के प्रथम स्वयं सेवक के रूप में http://www.namamidevinarmade.mp.gov.in पर पंजीयन करवाया। सीएम ने कहा कि नर्मदा सेवा अभियान को अन्य नदियों पर भी लागू किया जाएगा। इसे पर्यावरण के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान जनता का है, उसे ही आगे रहना होगा। अभियान में सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। नदी पर्यावरण संरक्षण के इस महायज्ञ में आहुति देने के लिए आगे आएं। सीएम ने जन-जागृति की अलख जगाने का आव्हान किया तथा कहा कि आगामी दो जुलाई को पौधरोपण करने वालों का ऐसा मेला लगे, जिसे देख देश-दुनिया चमत्कृत हो जाए। उन्होंने कहा कि नर्मदा सेवा मिशन धरती को बचाने का अभियान है। धरती का जिस तेजी से तापमान बढ़ रहा है, उसे यदि नियंत्रित नहीं किया गया तथा चंद भौतिक सुविधाओं के लिए प्रकृति के साथ अंधाधुंध छेड़छाड़ नहीं थमी तो, यह भविष्य की पीढ़ी के लिये कब्र खोदने जैसा होगा।

यह दुनिया का सबसे बड़ा नदी संरक्षण अभियान बन गयाः शेजवार
इस मौके पर वन मंत्री डॉ.गौरी शंकर शेजवार ने कहा नर्मदा सेवा अभियान को अपार जन समर्थन मिला है। इससे यह दुनिया का सबसे बड़ा नदी संरक्षण अभियान बन गया। उन्होंने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा नर्मदा नदी की धारा को अविरल और नदी को निर्मल बनाने का अभियान है। धारा को अविरल बनाने का वैज्ञानिक कार्य 2 जुलाई को पौध-रोपण से होगा। रोपण के लिए आवश्यक 6 करोड़ पौधों की व्यवस्था है। वन विभाग ने वन-प्रजाति के और उद्यानिकी विभाग ने फलदार पौधों की शासकीय-अशासकीय नर्सरियों में उपलब्धता करा ली है। पौध-रोपण के लिए जून माह में गड्ढे खोदने का कार्य किया जाएगा। पेड़ों की सुरक्षा और जीवितता के सभी आवश्यक कार्य किए जाएंगे। पशुओं से रक्षा के लिए फेसिंग और चौकीदार रखें जा सकेंगे। यह अभियान दुनिया में वृक्षारोपण का कीर्तिमान बनाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित थे कई लोग
जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष राघवेंद्र गौतम ने कहा कि मां नर्मदा को हरियाली चुनरी ओढ़ाने के लिए 6 करोड़ पौधों का रोपण समाज के माध्यम से 2 जुलाई को होगा। वेबसाइट लांचिंग कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह, राज्य खनिज निगम के अध्यक्ष शिव चौबे, सांसद भागीरथ प्रसाद, संगीतज्ञ दुर्गा जसराज, गायत्री परिवार के डॉ. शंकर पाटीदार, सागर ग्रुप के पीएस राजपूत, एलएनसीटी के अमित उपाध्याय, आरकेडीएफ के योगीराज सिंह, नर्मदा सेवा समितियों, कृषि स्नातक संघ, एनसीसी,एनएसएस, स्काउट एंड गाइड आदि के प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित थे।

Share This News :