Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सर्जिकल स्ट्राइक में काम आने वाले हथियार अब मालनपुर में बनेंगे

ग्वालियर । पिछले साल भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक में जिन आधुनिक हथियार असॉल्ट राइफल टेबोर, स्नाइपर राइफल गलिल जैसे और भी खतरनाक हथियार अब मालनपुर में बनेंगे। 350 करोड़ का निवेश कर पुंज लॉयड रक्षा सिस्टम में लगाई गई आधुनिक मशीनों के माध्यम से इन आधुनिक हथियारों के दो कंपोनेंट्स निर्माण की ट्रायल हो चुकी है।

कंपोनेंट्स का निर्माण भी जल्द शुरू हो जाएगा, लेकिन असेंबलिंग में अभी कुछ समय लगेगा। कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग का लाइसेंस कंपनी को मिल चुका है, अभी असेंबलिंग लाइसेंस की प्रक्रिया जारी है। जो मई के आखिरी सप्ताह तक पूर्ण होने की संभावना है। इसके बाद निर्माण के साथ-साथ असेंबलिंग भी यहीं होगी। इजराइल वेपन इंडस्ट्रीज के सहयोग से अभी असॉल्ट राइफल, स्नाइपर राइफल, लाइट मशीन गन, कार्बाइन का निर्माण यहां किया जाएगा।

एक्स-95(असॉल्ट राइफल)

- इसकी मारक क्षमता 1 किमी तक है

- एक बार में 650 राउंड फायर करती है

- 4 किलोग्राम वजनी

- अभी इसका उपयोग सेना के अलावा एंटी नक्सल ऑपरेशन में सीआरपीएफ एवं अन्य अर्द्घसैन्य बलों द्वारा भी किया जाता है

- यह वीवीआईपी सिक्योरिटी लगे जवान, एनएसजी कमांडों द्वारा भी उपयोग की जाती है

टेवोर

- इसकी मारक क्षमता 550 मीटर है

- इसका वजन चार किलो है

- एक बार में 650 राउंड फायर करती है

नेगेव लाइट मशीन गनः

- मारक क्षमता 1 किमी तक है

- एक बार में एक हजार राउंड फायर करती है

- वजन 7.5 किलोग्राम

गलिल (असॉल्ट राइफल)

- इसकी मारक क्षमता एक किलोमीटर है

- एक बार में 750 राउंड फायर करती है

- इसे आसानी से फोल्ड किया जा सकता है

- सबसे बेहतर हैंड ग्रिप

इजराइल के इंजीनियर देंगे ट्रेनिंग

इकाई का शुभारंभ होने के बाद अब स्थानीय स्टाफ की ट्रेनिंग शुरू होगी। इजराइल से इंजीनियर आए हैं जो मशीन के संचालन से लेकर उत्पाद निर्माण तक की पूरी जानकारी देंगे।

ये हथियार टेस्टेड हैं, सुरक्षा बल सबसे ज्यादा उपयोग करते हैं इसलिए चुनाः वाधवानी

इन्हीं हथियारों के निर्माण को चुनने के पीछे हमारा उद्देश्य था कि इन हथियारों को देश में कहीं नहीं बनाया जाता। इनकी डिमांड काफी है। अधिकांश सुरक्षा बलों में इनका ही उपयोग होता है, यह टेस्टेड भी हैं। इसलिए इनके निर्माण को ही चुना।

यह बात पुंज लॉयड के प्रेसीडेंट मैन्युफैक्चरिंग अशोक वाधवानी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इंटरनेशनल मार्केट पर फोकस करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत में काफी बड़ा मार्केट है। यहां काफी डिमांड है। हालांकि अभी बड़े ऑर्डर नहीं मिले हैं, लेकिन विश्वास है कि यहां काफी डिमांड रहेगी। इसलिए यहां डिमांड रहेगी तो इंटरनेशनल मार्केट पर फोकस फिलहाल नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि इजराइल जो भी नई हथियार तकनीक लाएगा वह हमें मिलेगी, जिससे भविष्य में नई तकनीक के हथियार भी भारत में बन सकेंगे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चाइना को मेक इन इंडिया के जरिये हम हर क्षेत्र में कड़ी टक्कर दे सकते हैं। बशर्ते सरकार से पूरा सहयोग मिले। ऑर्डर और डिमांड पर यह निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि जिस सेक्टर में डिमांड अधिक होगी उस सेक्टर में मेक इन इंडिया सक्सेस रहेगा। जैसे हमने यहां हथियार प्लांट लगाया, क्योंकि आसपास फाइरिंग रेंज है, यहां डिमांड है। मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियां बंद होने का कारण पूछा तो वह बोले कि मैं दूसरों की नहीं बता सकता। हमें सरकार ने पूर्ण सहयोग किया, बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलीं। बिजली, पानी, सड़क की बेहतर सुविधा हमें मिली।

 

Share This News :