Home > अपना शहर ,
दुल्‍हन ने जब देखा जिससे मेरी शादी हुई ये वो नहींं

ग्वालियर। शादी के बाद दुल्हन को लेकर जब ससुराल अपने गांव पहुंचे तो दूल्हे को देखकर दुल्हन बिफर गई। दुल्हन ने यह मेरा पति नहीं है चिल्लाते हुए शोर मचा दिया। घटना 30 अप्रैल को भंवरपुरा के गांव सिकरावली की है। शादी 29 अप्रैल को ग्वालियर में गुर्जर समाज के सम्मेलन से हुई थी। इसके बाद गांव में पंचायत लगी।

दुल्हन ने शिवपुरी से अपनी मां और मौसी को बुला लिया। चार दिन पंचायत चली। जब खुलासा हुआ कि दूल्हे को उसके ही एक रिश्तेदार ने इस आदिवासी लड़की को अपनी रिश्तेदार बताकर शादी करा दी थी। दूसरी तरफ लड़की की मां को उसने अपने छोटे भाई का चेहरा दिखाकर शादी कराने की बात कह झांसे में लिया था। गुरुवार को मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने लड़की और उसके परिवार को धोखे में रखकर साजिश रचने वालों पर मामला दर्ज कर लिया है।

भंवरपुरा थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि थानाक्षेत्र स्थित सिकरावली गांव निवासी घमंडी सिंह गुर्जर पेशे से किसान हैं। उनकी बहन ढबका गांव निवासी सीताराम गुर्जर को ब्याही है। काफी समय से सीताराम अपने एक रिश्तेदार ग्वालियर निवासी बंटी गुर्जर के छोटे भाई से घमंडी की बेटी की शादी की बात चला रहा था।

जिस पर घमंडी का कहना था कि वह उसके कहने पर बेटी की शादी उसके रिश्तेदार से कर देगा। पर उसको उसके बेटे सुरेन्द्र सिंह गुर्जर का रिश्ता कराना होगा। इस पर सीताराम सहमद हो गया था। 26 अप्रैल को गांव से ही घमंडी ने अपनी बेटी की शादी सीताराम के रिश्तेदार बंटी गुर्जर के छोटे भाई से की। इस शादी के बाद अब उसने अपने बेटे की शादी बंटी की किसी रिश्तेदार से कराने को कहा। इस पर बंटी ने एक मंजू नाम की लड़की के बारे में बताया। साथ ही कहा कि यह उसकी रिश्तेदार है। पर लड़की का पिता नहीं है इसलिए दहेज नहीं दे पाएंगे। शादी भी सम्मेलन से करेंगे। जिस पर घमंडी मान गया।

29 अप्रैल को हुई शादी

29 अप्रैल 2017 को घमंडी अपने लड़के को लेकर ग्वालियर आ गया। यहां गुर्जर समाज के सम्मेलन में शादी हुई। बंटी और सीमाराम लड़की को लेकर पहुंचे और भी कई रिश्तेदार थे। यहां सम्मेलन में लड़की ने घूंघट के कारण लड़के का चेहरा नहीं देखा। 30 अप्रैल को घमंडी बेटा और बहू को लेकर गांव पहुंचे। यहां घर में एक परम्परा के दौरान जब दुल्हन, दूल्हे के सामने आती है। उसी दौरान मंजू ने दूल्हा देखा तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। वह कहती रही कि यह उसका दूल्हा नहीं है। इस पर गांव में हंगामा मच गया।

गांव के लोग एकत्रित हुए। मंजू ने बताया कि उसकी उम्र 17 साल है और वह शिवपुरी के हिम्मतगढ़ की आदिवासी लड़की है। वह गुर्जर नहीं है। उसे दूसरा लड़का दिखाया गया था। बंटी उसे शादी से 15 दिन पहले उसकी मां अच्छी जगह शादी की बात कहकर लाया था। लड़की ने अपनी मां और बुआ को बुला लिया। गांव में चार दिन तक पंचायत चली। बंटी ने आने से मना कर दिया। जिसके बाद गुरुवार को लड़की और उसके परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया। पुलिस ने बंटी, उसके रिश्तेदार सीताराम, महेन्द्र व पंजाब सिंह पर धोखाधड़ी व अपहरण का मामला दर्ज किया।

बंटी ने दोनों परिवार को धोखे में रखा

बंटी शातिर बदमाश है। उसने दोनों तरफ परिवार को धोखे में रखा। जब उसके भाई की बात घमंडी की बेटी से चल रही थी। इसी बीच उसने शिवपुरी के आदिवासी परिवार से मेलजोल बढ़ाया। 17 साल की मंजू की मां और बुआ को अपना रिश्तेदार महेन्द्र दिखाकर उसकी शादी उससे कराकर हमेशा सुखी रखने की बात कही। शादी से 15 दिन पहले वह महेन्द्र के साथ उसे घर ले आया। इसके बाद 29 अप्रैल को धोखे में उसकी घमंडी के लड़के सुरेन्द्र से शादी करा दी।

 

Share This News :