Home > अपना शहर ,
दूल्हे की डिमांड सुन मंडप में बेहोश हुई दुल्हन

ग्वालियर। एक शादी में फेरे के समय उस समय हंगामा हो गया, जब दूल्हे ने एक लाख रुपए वाली बाइक की डिमांड रख दी। लोगों ने समझाया, लेकिन दूल्हा बोला, फेरे तभी होंगे जब एक लाख रुपए वाली बाइक मिलेगी। यह डिमांड सुनते ही दुल्हन शादी के मंडप में बेहोश हो गई। इस बीच पुलिस और समाज के बुजुर्ग लोग पहुंचे और बात को संभाला। इसके बाद दुल्हन पक्ष को लड़के वालों ने लिखकर दिया कि उनकी बेटी को ससुराल में कभी कोई परेशानी नहीं होगी। 
जानकारी के मुताबिक अक्षय तृतीया को कुशवाह समाज का भी सम्मेलन रामद्वारे में था। यहां एक बारात धोकलपुरा गांव के निवासी जीतेन्द्र कुशवाह की भी आई। जीतेन्द्र की शादी ग्वालियर में सपना से तय हुई थी। बारात आई, स्वागत हुआ और वरमाला के बाद जैसे ही फेरे की बारी आई, दूल्हा बने जीतेन्द्र ने कहा कि उसे एक लाख रुपए वाली अपाचे बाइक चाहिए। लड़की के परिजनों ने बताया कि उसे हीरो बाइक दी जा रही है। यह सुनते ही जीतेन्द्र नाराज हो गया और बोला, अब फेरे तभी होंगे, जब एक लाख रुपए कीमत वाली बाइक मिलेगी। यह डिमांड सुनते ही शादी के मंडप में बैठी दुल्हन सपना बेहोश हो गई। लोगों ने जीतेन्द्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इस बीच सपना की हालत खराब होने लगी तो उसे उठाकर लोग ले गए और वर-वधू पक्ष में झगड़ा होने लगा।
लोगों ने जीतेन्द्र और उसके पिता हरगोविंद कुशवाह को समझाया कि लड़की सपना के पिता नहीं है, फिर भी वे अच्छी शादी कर रहे हैं। वह एक लाख की बाइक वाली जिद छोड़ दे। उधर हंगामे की खबर सुनकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के आते ही समाज के लोग भी जुट गए और दूल्हे जीतेन्द्र को समझाया।
पुलिस ने दहेज एक्ट का डर दिखाया। इसके बाद समाज के लोगों ने वर पक्ष से लिखकर लिया कि शादी के बाद ससुराल में लड़की को तंग नहीं किया जाएगा। समाज के कहने और पुलिस का डर देखकर जीतेन्द्र और उसके परिजन शादी को तैयार हो गए और उन्होंने शादी कराई। दुल्हन के साथ दूल्हे ने फेरे लिए और फिर विदा कराकर ले गया।

Share This News :