Home > अपना शहर ,
घाटी पर ब्रेक फेल होने से ट्रैक्टर खाई में गिरा, 5 की मौत, 40 घायल

ग्वालियर। दौलपुर गांव से एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने दो ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर ग्रामीण निकले थे। शीतला माता मंदिर के पास घाटी चढ़ते ही अचानक ट्रैक्टर के ब्रेक फेल हो गए और वह सीधे खाई में जा गिरा। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और करीब 40 लोग घायल हो हुये हैं। घायलों को जयारोग्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण एक पल में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। 
जानकारी के मुताबिक अक्षय तृतीया में पर कई समाज की सामूहिक शादियों का आयोजन शनिवार को था। ऐसे ही एक सम्मेलन में शामिल होने के लिए दौलपुर गांव के करीब 60 लोग दो ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर ग्वालियर के लिए रवाना हुए। दोपहर को वे चीनौर के पास शीतला माता मंदिर के पास पहुंचे। यहां पर एक पहाड़ी है जिसे पार करके ग्वालियर पहुंचा जाता है। एक ट्रैक्टर तो नीचे उतर आया, लेकिन दूसरा ट्रैक्टर उतरते ही उसके ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होते ही ड्राइवर का नियंत्रण ट्रैक्टर से हट गया और देखते ही देखते कई फीट ऊंचाई से ट्रैक्टर नीचे खाई में जा गिरा और उसमें बैठे हुए लोगों को संभलने तक का मौका तक नहीं मिला।
खाई में ट्रैक्टर के गिरते ही चीखपुकार मच गई। ट्राली में महिलाएं और बच्चे भी बैठे थे। कुछ लोग दूर जाकर गिरे तो कुछ ट्राली में दब गए। चीख पुकार सुनकर आसपास गांव में रहने वाले लोग पहुंचे। घायलों को ट्रैक्टर-ट्राली से बाहर निकाला। एक्सीडेंट की खबर सुनकर पुलिस भी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची और घायलों को ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज के जयारोग्य हॉस्पिटल लेकर आई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है और करीब 40 लोग घायल हुए हैं। घायलों का हॉस्पिटल में इलाज कराया जा रहा है। हादसे में शहजाद खान, गुमान खान और कुरैशा खान की मौत हुई हैं। दो मृत लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

 

 

Share This News :