Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
दीनदयाल रसोई में दारू पीकर पहुंच रहे लोग, निगरानी रखो: शिवराज

भोपाल। गरीबों को पांच रुपए में भरपेट भोजन देने के लिए लागू की गई दीनदयाल रसोई योजना में दारू पीकर लोग पार्टी मनाने पहुंच जाते हैं। ऐसी शिकायतें मुझे मिल रही हैं। कलेक्टर और पुलिस अधिकारी निगरानी रखें कि अवांछित लोग वहां न जाएं। ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कलेक्टर-कमिश्नर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस में कही।

कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ग्रामोदय अभियान का फीडबैक लिया। सीहोर कलेक्टर सुदामा खांडे ने बताया कि इछावर और बुदनी में ग्राम संसद कम हुई हैं। जैसे ही उन्होंने ये बात बताई बैठक में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

दरअसल, सीहोर मुख्यमंत्री का गृह जिला है। मामला समझते ही कलेक्टर ने कहा कि जिले में लगातार हितग्राहियों को लाभांवित किया जा रहा है, इसलिए कम लोग आ रहे हैं। इसी तरह मंदसौर के अपर कलेक्टर ने बताया कि हमारे यहां ग्राम संसद में सब लोग आ रहे हैं। हमने एस्मा लागू कर दिया है।

इस पर मुख्य सचिव ने कहा कि आपको तो इसका अधिकार नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये तो हमसे भी आगे बढ़कर काम रहे हैं। वित्त मंत्री जयंत मलैया ने दमोह में स्वाइल हेल्थ कार्ड अंग्रेजी वाले बांटने की बात उठाई। इस पर अपर मुख्य सचिव पीसी मीना ने बताया कि ऐसा नहीं है। हिंदी वाले कार्ड ही दिए जा रहे हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि 30 जून तक गांवों में जल संरचना बनाने के काम पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य की ओंकारेश्वर में प्रतिमा बनाने के लिए जून में धातु संग्रह किया जाएगा। आदि शंकराचार्य की प्राकट्य पंचमी पूरे प्रदेश में मनाई जाएगी।

15 मई को हर जिले से अमरकंटक पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ हुई बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंस में निर्देश दिए कि 15 मई को अमरकंटक में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम में हर जिले से लोग आएं। अमरकंटक से लगे जिलों को ज्यादा और दूर के जिलों को कम संख्या में लोग लेकर आने के लिए कहा गया।

Share This News :