Home > अपना शहर ,
प्रघुम्न का होटल तोड़ने पर अड़े निगमायुक्त

ग्वालियर। निगमायुक्त अनय द्विवेदी और पूर्व विधायक प्रघुम्न सिंह तोमर के बीच चल रहा विवाद अब व्यक्तिगत मोड़ पर पहुंच गया है। देर रात निगमायुक्त के प्रघुम्न के होटल ऋतुराज को तोड़़ने के आदेश पर मोहर लगाने निगम अमले को आज पहुंचना था। परंतु उससे पहले ही कांग्रेसियों, समर्थकों व आमजनों ने होटल को घेर लिया। इसके बाद मदाखलत टीम ने देर सायं तक कार्रवाई की ही नहीं की। दोपहर को भवन अधिकारी पवन सिंघल उनके भाई पूर्व पार्षद देवेन्द्र तोमर के नाम से एक नोटिस होटल पर चस्पा कर आये। 
यहां बताना मुनासिब होगा कि पूर्व विधायक प्रघुम्न सिंह तोमर पिछले एक माह से क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत को लेकर संघर्ष कर रहे है। इसको लेकर चार बार निगमायुक्त से उनका विवाद भी हो चुका है। जिसके बाद निगमायुक्त ने पुरानी छावनी चौराहा स्थित प्रघुम्न तोमर के होटल को अवैध बता दिया। उनका कहना था कि होटल सरकारी जमीन पर बना है इसलिए हटेगा। जबकि प्रघुम्न का कहना है कि उनके पास पंचायत से लेकर नजूल तक की परमीशन है। वही उन्हें सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप का आरोप लगवाकर पिछले दिनों जेल तक में बंद करवा दिया था। जेल से बेल मिलने के बाद प्रघुम्न ने फिर कलेक्टर की मौजूदगी में निगमायुक्त के समक्ष गंदे पानी के मामले को उठाया, जिस पर निगमायुक्त बिखर गये थे। बीती रात आनन फानन में निगमायुक्त ने होटल को तोड़ने के आदेश मदाखलत अमले को जारी किये थे। इसकी खबर प्रघुम्न को भी लग गई।
सुबह से ही कांग्रेसियों व आमजनों ने होटल को अपने घेरे में रखा। जब कार्रवाई के लिए मदाखलत टीम पहुंची तो भीड़ को देख पुलिस फोर्स की मांग पुलिस अधीक्षक से की। पुलिस अधीक्षक ने फोर्स ना होने की बात कही। जिसके बाद भोपाल तक फोन घनघनाये गये। परंतु फोर्स की व्यवस्था नहीं हो पाई तो अमला बैरंग लौट गया। दोपहर को अधिकारी पवन सिंघल ने प्रघुम्न तोमर के भाई पूर्व पार्षद देवेन्द्र तोमर के नाम से एक नोटिस होटल पर अवैध होटल होने का चस्पा कर आये। परंतु नोटिस में यह नहीं लिखा है कि कब तुड़ाई होगी। इधर प्रघुम्न ने कोर्ट में स्टे के लिए भी आवेदन दिया है। जिस पर दिनभर सुनवाई हुई। 

Share This News :