Home > अपना शहर ,
संभागीय आयुक्त और कलेक्टर ग्राम बेरजा में ग्रामीणों से हुए रूबरू

ग्वालियर | ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत ग्वालियर संभाग के आयुक्त एस एन रूपला और कलेक्टर डॉ. संजय गोयल आज मुरार जनपद के ग्राम पंचायत बेरजा पहुँचे और ग्रामीणों से हुए रूबरू। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर बी बालू, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव मिश्रा, सरपंच श्रीमती ममता कुशवाह और ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
संभागीय आयुक्त रूपला ने ग्रामीणों से कहा कि गाँव में क्या होना चाहिए और गाँव का विकास कैसे होगा, यह अब सरकार तय नहीं करेगी। इसको तय करने का काम ग्रामीणों को ही करना है। अपने गाँव के लिये जो कुछ आवश्यक है, उसका प्रस्ताव ग्रामीण आम सहमति से पंचायत में करें। सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत उनको पूरा करने का कार्य किया जायेगा। श्री रूपला ने कहा कि शासन की सभी वर्गों के लिये जन कल्याणकारी योजनायें संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को समय पर मिले और पात्र हितग्राही योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु न बच पाए, यह हम सबका प्रयास होना चाहिए। आयुक्त ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि गाँव के जो भी युवा काम पर जाते हैं, उन्हें मुख्यमंत्री मजदूरी कार्ड बनाए जाएँ, इसके साथ ही पात्र लोगों को कर्मकार मण्डल के भी कार्ड बनाकर प्राथमिकता के आधार पर दिए जाएँ। इसके साथ ही 60 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिले और विधवा पेंशन की पात्र महिलाओं को विधवा पेंशन मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। 
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि आबादी के लिये अगर भूमि की आवश्यकता है तो ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पास कर भेजा जाए। प्रशासन द्वारा आबादी के लिये भूमि उपलब्ध कराई जायेगी। इसके साथ ही आबादी की भूमि के विकास हेतु भी प्रशासन द्वारा 75 प्रतिशत की राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा हर व्यक्ति को मकान उपलब्ध कराने की घोषणा के अनुपालन में लोगों को आबादी के पट्टे भी प्रदान किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिला स्वच्छता में ओडीएफ घोषित हो गया है। हर ग्राम पंचायत को 20 लाख रूपए की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इस राशि से नाली निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जा सकते हैं। उन्होंने पेयजल के संबंध में चर्चा करते हुए ग्रामीणों से कहा कि हैण्डपम्प के साथ ही नल-जल योजनाओं के माध्यम से भी लोगों को पेयजल मुहैया कराया जायेगा। जिला पंचायत द्वारा इसके लिये ग्राम पंचायतों को धनराशि स्वीकृत की गई है। उक्त राशि से पेयजल प्रबंधन किया जायेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में ग्रामीणो से चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राशन की उपलब्धता, विकलांग छात्रवृत्ति, बीपीएल राशन कार्ड एवं स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों द्वारा इस मौके पर अपनी-अपनी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरत निराकरण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से छुड़वाई बीड़ी की आदत  
ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत संभागीय आयुक्त रूपला और कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने ग्राम बेरजा में जब ग्रामीणों को बीड़ी पीते सार्वजनिक रूप से देखा तो उन्हें बुलाकर समझाईश दी। समझाईश पर ग्रामीणों ने स्वेच्छा से बीड़ी न पीने पर अपनी सहमति भी प्रदान की। बीड़ी छोड़ने वाले सभी ग्रामीणों को पंचायत की ओर से 500 – 500 रूपए ईनाम देने की घोषण भी की गई। इसके साथ ही कलेक्टर ने ऐसे सभी ग्रामीणों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से भी सहायता देने का आश्वासन दिया। कमिश्नर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि बीड़ी पीने से किसी प्रकार का कोई लाभ प्राप्त नहीं होता है। इसके केवल नुकसान ही होते हैं। स्वास्थ्य के प्रति नुकसान के साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा भी खराब होती है। रूपला की समझाईश पर ग्रामीण कल्याण, रामदास, भानू, शालिकग्राम आदि ने बीड़ी न पीने की कसम खाई और अन्य ग्रामीणों को भी इस बुरी आदत को छोड़ने के लिये प्रेरित करने की बात कही।
जनमित्र केन्द्र का निरीक्षण
अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से चर्चा के उपरांत बेरजा में स्थापित जनमित्र केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि जनमित्र केन्द्र पर प्रभारी और संबंधित विभागीय अधिकारी आते तो हैं परंतु कोई आवेदन न लेते हैं और न कार्रवाई करते हैं। कलेक्टर द्वारा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि जनमित्र केन्द्र में पदस्थ प्रभारी सहित सभी अधिकारियों पर दण्डात्मक कार्रवाई की जाए।

Share This News :