Home > अपना शहर ,
संभाग में अब तक एक लाख 77 हजार मैट्रिक टन से अधिक गेहूँ की खरीदी

ग्वालियर |  à¤ªà¥à¤°à¤¦à¥‡à¤¶ में गेहूँ उपार्जन कार्यक्रम के तहत ग्वालियर संभाग में अब तक कुल 250 केन्द्रों पर एक लाख 17 हजार 765 मैट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए गेहूँ के बदले में किसानों को एक करोड़ 13 लाख रूपए से अधिक की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है। किसानों से गेहूँ खरीदी में किसी प्रकार की लापरवाही न करने और किसानों को समय पर भुगतान उपलब्ध कराने के निर्देश संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने अधिकारियों को दिए हैं। 
संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने बुधवार को मोतीमहल स्थित मानसभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि किसानों से क्रय किए गए गेहूँ का समय पर भुगतान के साथ ही परिवहन और भण्डारण भी समय रहते सुनिश्चित किया जाए। किसानों को गेहूँ बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बैठक में बताया गया कि ग्वालियर जिले में अब तक 12 हजार 397 मैट्रिक टन, शिवपुरी में 42 हजार 391 मैट्रिक टन, गुना में 26 हजार 82 मैट्रिक टन, दतिया 11 हजार 464 मैट्रिक टन और अशोकनगर 25 हजार 429 मैट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गई है। बैठक में पेयजल की उपलब्धता और उसके वितरण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को समय पर पानी उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत न हो, इसके लिये हर संभव कार्य किए जाएँ। उन्होंने कहा कि जो हैण्डपम्प और नल-जल योजनायें खराब हैं, उन्हें ठीक करने की कार्रवाई समय रहते की जाए। इसके साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर जिन नल-जल योजनाओं में बिजली के कारण दिक्कत है, उन्हें समय रहते ठीक कर लिया जाए। 
बैठक में बताया गया कि ग्वालियर संभाग में कुल 34 हजार 661 हैण्डपम्प स्थापित हैं, जिनमें से 33 हजार 172 चालू स्थिति में हैं। बंद पड़े हैण्डपम्पों में 302 हैण्डपम्प सुधार योग्य हैं, जिनके सुधार का कार्य किया जा रहा है। संभाग में कुल 936 नल-जल योजनायें हैं, जिनमें से 732 चालू हालत में हैं, 204 नल-जल योजनायें बंद हैं, जिनके सुधार हेतु विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा जिन हैण्डपम्पों में पाइप बढ़ाने की आवश्यकता है उनमें पाइप बढ़ाने की कार्रवाई भी की जा रही है। बैठक में संभागीय आयुक्त द्वारा शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, सहकारिता के साथ ही नगरीय विकास विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में संभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 

Share This News :