Home > अपना शहर ,
सौजना प्रोजेक्ट के मकानों में आधिपत्य लेने हेतु मकान मालिकों से साडा अध्यक्ष ने की चर्चा

ग्वालियर | ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) द्वारा सौजना प्रोजेक्ट के तहत लोगों को मकान आवंटित किए गए थे। मकान मालिकों को संपत्ति का आधिपत्य देने और इनके उपयोग में आने वाली परेशानियों के निराकरण हेतु अध्यक्ष राकेश जादौन द्वारा बुधवार को साडा के सिटी ऑफिस में मकान मालिकों के साथ बैठकर चर्चा की गई। चर्चा के दौरान साडा द्वारा मकान मालिकों को आधिपत्य लेने और उसमें आ रही कठिनाईयों को दूर करने का आश्वासन दिया गया। चर्चा के दौरान विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरूण भटनागर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में 50 से अधिक सौजना प्रोजेक्ट में मकान लेने वाले मकान मालिक उपस्थित हुए और अपनी-अपनी समस्याओं के संबंध में चर्चा की। 
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन ने सभी से आग्रह किया कि वे अपने-अपने मकान का आधिपत्य लें और सौजना प्रोजेक्ट के मकान में रहना प्रारंभ करें। प्राधिकरण द्वारा उनकी हर समस्या का निदान किया जायेगा। बैठक में तय किया गया कि 2 मई को साडा द्वारा सभी मकान मालिकों को सौजना प्रोजेक्ट में ले जाकर उनके मकानों का अवलोकन कराया जायेगा। मौके पर जो भी छोटी-मोटी कमियाँ मकान में होंगी, उन्हें साडा निर्धारित समय में पूर्ण कर आधिपत्य देने की कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही साडा द्वारा सुरक्षा के लिये पुख्ता प्रबंध किए जायेंगे। मकानों पर नंबरिंग का कार्य साडा शीघ्र पूर्ण करेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण तरूण भटनागर ने बैठक में बताया कि साडा द्वारा सौजना प्रोजेक्ट के तहत एलआईजी, एमआईजी और एचआइजी मकान तैयार कर लोगों को दिए हैं। ज्यादातर मकान साडा द्वारा दिए जा चुके हैं। जिन लोगों ने मकान क्रय किए हैं, उन्हें साडा आधिपत्य देकर सौजना प्रोजेक्ट में बसाने का प्रयास सभी के सहयोग से कर रहा है। जिन लोगों ने मकान क्रय किए हैं, उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिये साडा हर संभव प्रयास और कार्य करेगा। उन्होंने सौजना प्रोजेक्ट में जिन लोगों ने मकान क्रय किए हैं, उन्हें 2 मई को साडा के अधिकारियों के साथ सौजना प्रोजेक्ट में चलकर अपने मकान का अवलोकन करने का आग्रह किया है। बैठक में लोगों द्वारा आवागमन की समस्या और सुरक्षा के संबंध में अपनी बात रखी। साडा अध्यक्ष द्वारा साडा की ओर से नो प्रोफिट-नो लॉस पर वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सुरक्षा के लिये गार्ड उपलब्ध कराने की सहमति भी प्रदान की है। 
जन-सुनवाई
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के सिटी ऑफिस में प्रत्येक बुधवार को होने वाली जन-सुनवाई के तहत साडा अध्यक्ष राकेश जादौन और सीईओ श्री तरूण भटनागर ने लोगों से चर्चा की तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साडा द्वारा बजट बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार साडा अध्यक्ष और विभागीय अधिकारियों ने शासकीय वाहन का उपयोग न करते हुए लोक परिवहन के माध्यम से अपने शासकीय कार्य पर उपस्थित हुए। 

Share This News :