Home > अपना शहर ,
बुलंद हौसले की धनी रामवती को साडा अध्यक्ष व कमिश्नर ने सौंपा पंजीयन कार्ड

ग्वालियर | अपने बुलंद हौसलों और कड़ी मेहनत की बदौलत महिलाओं के लिये मिशाल बनी श्रमिक महिला श्रीमती रामवती को साडा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जादौन एवं संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने घरेलू कामकाजी महिला योजना का पंजीयन कार्ड सौंपा। साडा अध्यक्ष व संभाग आयुक्त ने मंगलवार को गुडी गुढ़ा नाका क्षेत्र में स्थित रामवती की दुकान पर यह कार्ड सौंपने पहुँचे। 
मालूम हो गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रामवती की खुद्दारी से प्रभावित होकर ग्वालियर विशेष क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन स्वयं रामवती से मिलने गुड़ा गुड़ी नाके पर पहुँचे थे। उन्होंने रामवती का शॉल व श्रीफल से सम्मानित किया था। साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने रामवती को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत मदद का भरोसा भी दिलाया था। इसी क्रम में अब रामवती का घरेलू कामकाजी महिला योजना के तहत कार्ड बन गया है, इसके तहत उन्हें विभिन्न प्रकार के लाभ मिल सकेंगे। लगभग 60 वर्ष की उम्र में भी विपरीत परिस्थितियों में अपने जीवन यापन के लिये किसी के सामने हाथ न फैलाकर मेहनत मजदूरी से अपना परिवार चलाने की सच्ची कोशिश का जीता जागता उदाहरण रामवती ने प्रस्तुत किया है। रामवती के पति के निधन के बाद उसे अपने जीवन यापन की कोई व्यवस्था न दिखने पर उसने अपने ही पति के रोजगार को अपना हथियार बनाया और सड़क पर बैठकर जूते-चप्पल सिलने का कार्य प्रारंभ कर दिया।  
संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने इस मौके पर उपस्थित जरूरतमंद महिलाओं से भी चर्चा की तथा निगम के जोनल अधिकारी हसीन अख्तर को निर्देशित किया कि इन महिलाओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें और शासन की योजनाओं के तहत जो भी लाभ दिया जा सकता है, उसे तत्काल दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनायें सभी वर्गों के लिये संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रामवती बाई को भी शासकीय योजनाओं के तहत जो सुविधायें मुहैया कराई जाती हैं, उसे कराने के निर्देश दिए।

Share This News :