Home > अपना शहर ,
कांग्रेस नेता की हत्या का राजफाश, दो आरोपी पकडे

ग्वालियर। गत सात अप्रैल को सिरोल रोड पर कांग्रेस नेता विनय राठौड उर्फ मनिया की हत्या करने के आरोप में दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। हत्या के पीछे अवैध शराब के कारोबार और बर्चस्व करने की होड़ थी। 
सिरोल थाना क्षेत्र में गत सात अप्रैल को सिरोल रोड पर एक कार में कांग्रेस से जुड़े विनय राठौड़ का शव अधजला हुआ मिला था। विनय की हत्या तौलिया से गला घोंटकर की गई थी और उसका शव जलाने की कोशिश की गई। पुलिस इस मामले के आरोपियों की तलाश कर रही थी। चूंकि विनय शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था, इसलिए पुलिस इसी धंधे से जुड़े लोगों के बीच आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि विनय पहले महेश गुप्ता के साथ मिलकर अवैध शराब का कारोबार करता था, लेकिन लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया और अलग हो गए। विनय ने महेश गुप्ता को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया । बताया जाता है कि महेश को विनय ने काफी नुकसान पहुंचाया। इससे नाराज होकर महेश ने विनय को रास्ते से हटाने का निर्णय ले लिया। 30 मार्च को महेश ने दो लोगों बंटी यादव और अनुज सक्सैना के साथ प्लानिंग की और विनय को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। बंटी की घनिष्ठता विनय राठौड़ से थी। बंटी ने 6 अप्रैल को विनय से कहा कि डबरा के पास एक फॉर्म हाउस में कुछ कारोबारी ब्लैक मनी के साथ हैं। 6 अप्रैल को विनय अपनी सेंट्रो कार से लेकर गोला का मंदिर गया और वहां से उसके साथ बंटी और अनुज सक्सैना कार में बैठकर डबरा के लिए निकले। सिरोल रोड पर बंटी ने लघुशंका के बहाने कार रुकवाई और बाहर निकला। जैसे ही कार में अंदर आया और उसने तौलिया निकाली और कार ड्राइव कर रहे विनय के गले में कस दी। विनय चिल्लाए नहीं, इसके लिए अनुज सक्सैना ने उसके हाथ-पांव पकड़ लिए। जैसे ही विनय का दम निकला, दोनों ने पेट्रोल छिडक़कर उसकी बॉडी में आग लगा दी। आग लगते ही लपटे निकलने लगीं। 
इस बीच पहले से तैयार बंटी का साथी रुपेश शर्मा कार लेकर मौके पर पहुंच गया और दोनों उसके साथ चले गए। सात अप्रैल को पुलिस को उसकी लाश कार में मिली और उसके बाद पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर दोनों आरोपियों, बंटी और अनुज सक्सैना को पकड़ लाई। महेश गुप्ता फिलहाल फरार है। इस मामले में एसपी डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि बंटी यादव को महेश गुप्ता ने शराब के अवैध कारोबार में पार्टनर बनाने का लालच दिया था। पुलिस ने बताया कि विनय का मर्डर करने के बाद बंटी और अनुज हरिद्वार चले गए और एक कल्ली नाम के युवक ने कांग्रेस नेता के साथ मिलकर उनकी मदद की। पुलिस इन दोनों की भी तलाश कर रही है।

Share This News :