Home > अपना शहर ,
कलेक्टर साइकिल से पहुंचे नयागांव

ग्वालियर। न हूटर बजाती बत्ती वाली गाडिय़ाँ और न कोई ताम-झाम। आम साइकिल यात्रियों की भाँति जब कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के साथ जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आनंदक तथा नेहरू युवा संगठन से जुड़े युवा ग्राम नयागाँव की ग्राम सभा में पहुँचे। सामाजिक समरसता साइकिल रैली को यहाँ बाल भवन से जिला पंचायत अध्यक्ष मनीषा भुजवल सिंह यादव ने रवाना किया। 
एक बारगी नयागाँववासी भरोसा ही नहीं कर पाए कि हमारे बीच वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण और जिला प्रशासन के आला अधिकारी खड़े हैं। जाहिर है जब अधिकारियों व आम आदमी के बीच की दूरियाँ सिमटी तो गाँववासियों खासकर आदिवासी महिलाओं ने जी-भरकर बातें की और अपनी कठिनाईयाँ व समस्याओं के साथ-साथ नवाचार भी साझा किए। मौका था बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 126वीं जयंती से शुरू हुए ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत नयागाँव में आयोजित हुई ग्राम सभा का। जिला पंचायत की अध्यक्ष मनीषा यादव भी ग्राम नयागाँव की ग्राम सभा में शामिल हुईं। 
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के नेतृत्व में लगभग 20 किलोमीटर साइकिल चलाकर साइकिल सभा नयागाँव की ग्राम संसद में पहुँचे। यह साइकिल रैली बाल भवन से शुरू होकर बिक्की फैक्ट्री शिवपुरी लिंक रोड होते हुए नयागाँव पहुँची। साइकिल यात्रा में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम व मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा, एसडीएम रिंकेश वैश्य व विनोद सिंह, जिले के मुख्य आनंदक डॉ. सत्यप्रकाश व योग प्रशिक्षण ऋषिकेश वशिष्ठ सहित लगभग 40 आनंदक, अन्य शासकीय सेवक एवं नेहरू युवा संगठन से जुड़े उत्साही युवाओं समेत लगभग एक सैंकड़ा साइकिल सवार शामिल हुए।  
कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि आपसी मेल.जोल से ही गाँव का विकास संभव है। उन्होंने सभी को खुले में शौच न जाने का संकल्प भी दिलाया। डॉ. गोयल ने कहा हर घर में शौचालय और उनका उपयोग भी सामाजिक समरसता की दिशा में सफल कदम है। कलेक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि ग्राम सभा में प्राप्त हुए हर आवेदन का कम्प्यूटराइजेशन होगा और उसका निराकरण होने तक नियमित रूप से समीक्षा की जायेगी। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान ग्राम सभाओं में है। इसलिये आप सभी नियमित रूप से ग्राम सभा की बैठकों में जरूर आएँ। 

Share This News :