Home > अपना शहर ,
युकां नेता की गला घोंटकर हत्या, कार में अधजली हालत में मिला शव

ग्वालियर। शहर युवक कांग्रेस के एक नेता की कार में ही तौलिया गले में लपेटकर दम घोंटकर मार दिया और फिर शव को जलाने की कोशिश भी की। शुक्रवार की सुबह लोगों ने पुलिस को सूनसान इलाके में एक कार खड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का गेट खोलकर देखा तो उसमें युकां नेता का अधजला शव कार में पड़ा मिला। साथ ही उसके गले में साफी (तौलिया) लिपटी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सिरौल के पास एक कार रात से खड़ी हुई है। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो अंदर ड्रायविंग सीट एक युवक की लाश मिली। युवक का पहले गला तौलिए से घोंटा गया और उसके बाद फिर आग लगाकर उसे जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने जांच की तो यह अधजली लाश कांग्रेस नेता विनय राठौड़ की थी। पुलिस ने विनय के घर से जानकारी ली तो मालूम हुआ कि वह बीती रात से घर नहीं आया। पुलिस ने बताया कि युवक कांग्रेस से जुड़े हुए विनय राठौड़ ग्वालियर के महलगांव इलाके में रहते हैं। गुरुवार की शाम को वह घर पर डबरा जाने की कहकर निकला था, इसके बाद वह लौटकर घर नहीं पहुंचा। पुलिस ने शुक्रवार की सुबह विनय के परिजनों को मामले की सूचना दी और मौके पर पड़ताल के लिये फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर अब यह पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है कि विनय का मर्डर क्यों किया गया और उसके साथ डबरा के लिए कौन गया था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि किसी से विनय का विवाद रहा होगा, जिसके कारण उसका पहले गला घोंटा गया और फिर आग लगाकर जलाने की कोशिश की गई। 

Share This News :