Home > अपना शहर ,
दैवेभो सफाईकर्मियों का हो रहा शोषण

 

ग्वालियर। नगर निगम में जहां अधिकारी स्वच्छता अभियान में अव्वल आने प्रयासरत हैं। वहीं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं। निगम के नियमित सफाईकर्मी आज भी या तो हाजिरी भरने आते हैं या एक दो घंटे काम कर वापस घर लौट जाते हैं। 
नगर निगम द्वारा इन दिनों तेजी से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस स्वच्छता अभियान में निगम के सफाईकर्मियों की बड़ी भूमिका है लेकिन निगम के अधिकारी नियमित सफाईकर्मियों से तो आठ घंटे तक काम ले नहीं पा रहे हैं। वहीं दैनिक वेतन भोगी और कलेक्टर रेट वाले सफाईकर्मियों को सुबह से लेकर रात तक दोनों पालियों में बुलाकर उनका शोषण कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि आये दिन होने वाले आयोजनों में दैनिक वेतन भोगियों को कॉलोनियों से हटाकर आयोजन स्थलों पर सफाई के लिये भेज दिया जाता है। वहीं कॉलोनियों में सफाईकर्मी नहीं आने पर वहां गंदगी का ढेर एकत्र हो जाते हैं। इस ढेर की कोई सुध तक नहीं लेता है। वहीं कभी इन दैनिक वेतन भोगियों को सुबह से दोपहर-शाम तक कभी सुबह एवं रात की पाली में बुलाकर उनसे समय से अधिक काम लिया जाता है। अतिरिक्त कार्य का कोई मेहनताना तक नहीं दिया जाता है। कभी-कभी दोपहर में बिना खाना खाये तक यह कर्मी काम करते हैं। वहीं सफाई दरोगा से लेकर अधिकारी नियमित कर्मचारी से झाड़ू उठाकर सफाई तक नहीं करवा पाते हैं। सूत्र बताते हैं कि आज भी कई नियमितकर्मियों के स्थान पर दूसरे नाम के लोग काम कर रहे हैं। वहीं दैनिक वेतन भोगी परेशानी झेल रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अब दैनिक वेतन भोगियों को सुबह के साथ ही रात में भी आने का आदेश जारी कर दिये हैं। इससे दैनिक वेतन भोगी परेशान हैं। वह सुबह भी सफाई करें और रात में भी। अब देखना है कि निगम के अधिकारियों के कान पर जूं रेंगेगी, जिससे दैनिक वेतन भोगियों का शोषण रूक सके या फिर ढर्रे पर दैनिक वेतन भोगियों से लें और नियमित घर बैठे रहे, इसका इंतजार रहेगा। 

Share This News :