Homeदेश विदेश ,खास खबरे,
आतंकी मुठभेड़: बडगाम में सेना की कार्रवाई में एक प्रदर्शनकारी की मौत

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़ स्थल के नजदीक पत्थरबाजी करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इलाके में आज सुबह से सुरक्षा बलों और एक घर में छुपे आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। बडगाम जिले में चादूरा के दरबग गांव में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिलने के बाद सेना और राज्य पुलिस के विशेष अभियान दस्ते ने एक विशेष अभियान चलाया।

सुरक्षाबल जिस समय गांव में एक विशेष स्थान की घेरा बंदी कर रहे थे तभी वहां छुपे आतंकवादियों ने उन पर आंधाधुंध फायरिंग शुरु कर दी। गांव में आने जाने के सभी रास्ते बंद कर दिये गये है और चारों तरफ अतिरिक्त सुरक्षाबल लगाये गये है ताकि स्थानीय लोग किसी तरह का प्रदर्शन कर इस कार्रवाई को बाधित न कर सके।

बताया जा रहा है कि इस घर में दो आतंकवादी छिपे हुये है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब वे सुबह की नमाज की तैयारी कर रहे थे तो वहां से जोरदार विस्फोट और गोलियों के चलने की आवाजें सुनाई दी। सुरक्षा बलों ने लोगों घरों में रहने की हिदायत दी है।

पुलिस कर्मियों के घर पर हमला

वहीं इससे पहले सोमवार की रात भी कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों को निशाने पर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक आतंकवादियों ने कश्मीर पुलिस कर्मियों के घर पर हमला किया है। जानकारी के मुताबिक दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों ने हाल ही में 2 पुलिसकर्मियों के घर पर हमला किया है। बताया जा रहा है कि यह हमला सोमवार रात 9 से 9.15 के करीब हुआ है।

आतंकवादियों ने कश्मीर के शोपियां के दियारू गांव में पुलिस कर्मी के घर पर हमला कर वहां तोड़फोड़ भी की है। इसके बाद वहां से भागते हुए उन्होंने घर पर हवाई फायरिंग की है। गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को अनंतनाग में पीडीपी नेता और राज्य सरकार में मंत्री फारुख अंद्राबी के घर पर आतंकी हमला हुआ। इस आतंकी हमले के वक्त मंत्री फारुख अंद्राबी घर पर नही थे। आतंकियों और मंत्री के सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प भी हुई। जिसमें सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इस झड़प के बाद आतंकी सुरक्षाकर्मी के हथियार लेकर फरार हो गए।

 

Share This News :