Home > अपना शहर ,
राजस्थान सीमा पर चंबल किनारे बसे गाँवों से गुजरी सेना की साइकिल रैली सहरिया व मोघिया समुदाय से किया संवाद

चंबल ईको सिस्टम के संरक्षण और विलुप्त प्राय डॉल्फिन व घड़ियाल बचाने का संदेश देने निकली थल सेना की साइकिल यात्रा चंबल नदी के किनारे बसे गाँवों में पहुँच रही है। यात्रा में शामिल सेना के जाबाजों द्वारा ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें ईको सिस्टम संरक्षण की महत्ता बताई जा रही है।

      भारतीय थल सेना द्वारा राज्य शासन के वन विभाग के सहयोग से यह साइकिल रैली निकाली जा रही है। साइकिल रैली गत 15 मार्च को यहाँ मुरार कैन्ट के शाहबाज आर्टलरी ब्रिगेड से रवाना किया गया था। पहले दिन साइकिल यात्रा राजस्थान राज्य की सीमा पर स्थित श्योपुर जिले के ग्राम पाली से चली। रैली में शामिल सेना के जाबांज साइकिल चलाते हुए लगभग 25 किमी. की यात्रा तय की और जावदेश्वर होते हुए रामेश्वर में पड़ाव किया। दूसरे दिन यानि 16 मार्च को रामेश्वर से कटरनीपुरा वीरपुर तक लगभग 80 किमी. साइकिल रैली चली। इस दिन की रात वीरपुर में गुजारी। रात्रिकालीन पड़ाव के दौरान रैली में शामिल जवानों से खासतौर पर सहरिया जनजाति के लोगों की बस्ती में पहुँचकर उन्हें स्वच्छता के लिये प्रेरित किया। तीसरे दिन साइकिल रैली वीरपुर से अटारघाट होते हुए सबलगढ़ क्षेत्र में लगभग 70 किमी. चली। इस दौरान मोघिया समुदाय के लोगों से डॉल्फिन, घड़ियाल व अन्य जीवों के संरक्षण पर संवाद किया गया।

मालूम हो यह रैली 29 मार्च तक लगभग 435 किलोमीटर का फासला तय करेगी। यह रैली 15 दिनों तक चंबल के किनारे बसे श्योपुर, मुरैना व भिण्ड जिले के विभिन्न गाँवों में पहुँचेगी। साइकिल रैली में सेना के दो अधिकारी और इतने ही जूनियर कमांडिंग ऑफीसर सहित 15 जवान शामिल हैं।

इस अभियान के माध्यम से चंबल के पारस्थितिकीय संरक्षण के प्रति जन जागरूकता लाने के प्रयास तो हो ही रहे हैं, साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिये भी जागृत किया जा रहा है। इसके अलावा युवाओं को भारतीय थल सेना से जुड़ने के लिये भी प्रेरित किया जा रहा है।

Share This News :