Home > अपना शहर ,
लाल टिपारा को प्रदेश की श्रेष्ठतम गौशाला बनायेंगे: श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने किया लाल टिपारा गौशाला का निरीक्षण

लाल टिपारा गौशाला को प्रदेश की श्रेष्ठतम गौशाला बनाने में प्रदेश सरकार से हर संभव मदद दिलाई जायेगी। यह गौशाला जिस सेवा भाव से गौ माता की देखरेख की जा रही है, वह अन्य गौशालाओं के लिये अनुकरणीय है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। श्रीमती माया सिंह गुरूवार को लाल टिपारा गौशाला के निरीक्षण के लिये पहुँचीं थीं। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा, पार्षद श्री बलवीर सिंह तोमर, गौशाला के प्रबंधन से जुड़े महन्त श्री अच्युतानंद महाराज एवं उनके सहयोगी संतगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने गौशाला के सुनियोजित प्रबंधन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गौशाला से जुड़े संत समाज, नगर निगम और सेवाभावी लोगों के साझा प्रयासों से यह गौशाला आदर्श रूप ग्रहण कर रही है। उन्होंने कहा इससे यह भी साबित होता है कि सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा बहुत कम लागत में यहां गायों के लिये शेड और इलाज का इंतजाम कराया गया है। इसके लिये नगर निगम आयुक्त भी बधाई के पात्र हैं।
गौ सेवा से जुड़े संतों एवं अन्य लोगों को किया सम्मानित
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने गौशाला संचालन से जुड़े संत जनों को शॉल श्रीफल और पुष्पाहार से सम्मानित किया। साथ ही वॉट्सएप ग्रुप के जरिए गौ सेवा से जुड़े मीडिया प्रतिनिधियों को भी उन्होंने सम्मानित किया।

    

Share This News :