Home > अपना शहर ,
ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 16 से 18 मार्च तक मनेगा “फाग उत्सव” कवि सम्मेलन, लोकगीत और बृज की होली का होगा आयोजन

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह के नेतृत्व में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 16 मार्च से 18 मार्च तक होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। होली मिलन समारोह के तहत राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि प्रो. ओमप्रकाश सिंह “निडर”, फिरोजाबाद आगरा के श्री संतोष शर्मा “सागर”, विदिशा के श्री मुकेश सांडिल्य “चिराग”, हरदा जिले की सुश्री रूबिया खान, हाथरस के श्री प्रकाश मिश्र “साजन ग्वालियरी”, श्री महेश भट्ट एवं श्रीमती कादम्बरी आर्य द्वारा 16 मार्च को हास्य कवि सम्मेलन में अपनी प्रस्तुति देंगे।

     होली मिलन समारोह के तहत 17 मार्च को बघेल छात्रावास नाका चंद्रबदनी पर सायं 6 बजे से लोकगीत गायक श्री देशराज पटेरिया अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी कड़ी में 18 मार्च को दीनदयालनगर के महाराजा कॉम्प्लेक्स में सायं 6 बजे से बृज की होली की प्रस्तुति होगी। इसमें वृंदावन के कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी। सभी प्रस्तुतियों में प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

     नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले होली मिलन समारोह में विधानसभा क्षेत्र के सभी पार्षदों से चर्चा कर कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी निवासियों से भी होली मिलन समारोह के कार्यक्रमों में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

Share This News :