Home > अपना शहर ,
संभागीय अधिकारी सभी योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करायें – श्री रूपला

ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने सभी संभागीय अधिकारियों से कहा है कि संभाग के सभी पाँचों जिलों में सभी विभागीय योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित हो जाए। सभी संभागीय अधिकारी जिला अधिकारियों से लगातार लक्ष्यों की पूर्ति के लिये मॉनीटरिंग करते रहें। उन्होंने कहा कि लक्ष्यों की पूर्ति के लिये अब चर्चा करना ही जरूरी है। किसी भी तरह के पत्राचार की जरूरत नहीं, क्योंकि अब इस वित्तीय वर्ष के मात्र 15 दिन शेष रहे हैं।

      कमिश्नर श्री रूपला बुधवार को मान सभागार में संभागीय अधिकारियों की बैठक में विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में संयुक्त कलेक्टर विकास श्री बी एस जाटव, उपायुक्त राजस्व श्री विनोद भार्गव सहित सभी विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद थे।

      कमिश्नर श्री रूपला ने रोजगारमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सभी रोजगारमूलक योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित हो। कमिश्नर ने विभिन्न योजनाओं में लंबित बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति, पोषण आहार सहित अन्य योजनाओं में जो बड़ा बजट पड़ा है उनके बिल ट्रेजरी में 20 मार्च तक लगाएँ, ताकि उक्त बजट का भी उपयोग योजनाओं पर हो सके। कमिश्नर ने शिवपुरी में लंबित वनाधिकारी प्रमाण-पत्र के शीघ्र वितरण कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने उद्यानिकी, कृषि, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

      बैठक में कॉपरेटिव बैंक वसूली की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने वसूली का दायरा और बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वसूली के लिये मैदानी अमला लगायें। कमिश्नर ने संयुक्त पंजीयक को निर्देश दिए कि गेहूँ खरीदी के समय शतप्रतिशत किसानों के खाते कॉपरेटिव बैंक के खातों में लिंक कराना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि किसानों से कॉपरेटिव की शतप्रतिशत वसूली होना है। अगर बैंक खाते लिंक नहीं कराए तो किसी भी डिप्टी रजिस्ट्रार की खैर नहीं है। कमिश्नर ने कहा कि इस वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग डेढ़ सौ करोड़ रूपए की गेहूँ खरीदी का अनुमान है। बैठक में गेहूँ खरीदी की समीक्षा और मंडी आय के स्त्रोतों पर भी चर्चा की गई।

Share This News :