Home > अपना शहर ,
सिंधिया स्कूल में सरकार के खर्चे पर पढ़ेंगे अजा एवं अजजा के बच्चे 10 अप्रैल तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे

सरकार द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूलों में पढ़ाने के लिये योजना संचालित है। इस योजना के तहत सिंधिया स्कूल फोर्ट ग्वालियर में प्रवेश के लिये अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्रों से 10 अप्रैल तक आवेदन माँगे गए हैं। आवेदन पत्र के प्रारूप शारदा विहार सिटी सेंटर स्थित सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय से नि:शुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

इस योजना के तहत संस्था में प्रवेश प्राप्त करने वाले छात्रों की संपूर्ण शिक्षण शुल्क आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा जमा की जायेगी। प्रवेश के पश्चात छात्रों को संस्था के होस्टल में रहना अनिवार्य है। सिंधिया स्कूल में प्रवेश देने के लिये अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिये तीन-तीन इस प्रकार 6 बालकों के लिये कोटा निर्धारित है। पूर्ण रूप से भर कर आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2017 है।

            योजना के तहत सिंधिया स्कूल फोर्ट ग्वालियर में छठवीं एवं सातवीं कक्षा में प्रवेश दिलाया जायेगा। इसके लिये वे बालक पात्र होंगे, जिनके माता-पिता अभिभावक एवं परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रूपए से अधिक नहीं हो। साथ ही वे मध्यप्रदेश के मूल निवासी हों। छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिये वे छात्र पात्र होंगे जो वर्तमान में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत है। इसी तरह सातवीं कक्षा में प्रवेश के लिये वे छात्र पात्र होंगे जो वर्तमान में छठवीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। एक ही माता-पिता के दो से अधिक बालक इस योजना का लाभ नहीं उठा सकेंगे।

यह दस्तावेज जरूरी

            आवेदन पत्र के साथ आवेदक को पाँच पासपोर्ट साइज के फोटोग्राफ, स्थानीय निकाय द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र, स्थाई जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, अंकसूची तथा वर्तमान विद्यालय से अध्ययनरत होने का प्रमाणीकरण। साथ ही आय प्रमाण-पत्र, जो नौकरी की दशा में नियोक्ता द्वारा दिया गया होगा तथा कृषि की दशा में राजस्व अधिकारी द्वारा बनाया गया हो। निजी व्यापार की दशा में वर्ष 2016-17 का आयकर रिटर्न मान्य होगा।

21 अप्रैल को होगी प्रवेश परीक्षा

            सिंधिया स्कूल फोर्ट द्वारा उक्त कक्षाओं में प्रवेश के लिये 10 अप्रैल 2016 को प्रात: 9.30 बजे स्कूल में प्रवेश परीक्षा ली जायेगी, जो अंग्रेजी, गणित एवं सामान्य अध्ययन से संबंधित होगी। आवेदक को उनके रोल नम्बर एवं प्रवेश परीक्षा के लिये प्रवेश पत्र 17 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय शारदा विहार न्यू हाईकोर्ट के पास सिटी सेंटर से वितरित किए जायेंगे।

Share This News :