Home > अपना शहर ,
राज्य प्रशासनिक सेवा के 113 प्रशिक्षु अधिकारी पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के लिये आज ग्वालियर आयेंगे

प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल के माध्यम से उप पुलिस अधीक्षक, वाणिज्यिक कर अधिकारी एवं अन्य सिविल सेवा के 113 प्रशिक्षु अधिकारियों को आधारभूत प्रशिक्षण दिलाने हेतु यह दल 15 मार्च से 19 मार्च तक ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में भ्रमण पर रहेगा। यह दल 15 मार्च को ग्वालियर पहुँचेगा।

     अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि अधिकारियों के दल को ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला, डीआईजी ग्वालियर श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष द्वारा मार्गदर्शन दिया जायेगा। यह दल दोपहर होटल तानसेन रेसीडेंसी में लंच करने के उपरांत ग्वालियर फोर्ट एवं सांस्कृतिक केन्द्रों का अध्ययन करेगा। दल को ग्वालियर किले पर आयोजित होने वाले लाईट एण्ड साउण्ड कार्यक्रम भी दिखाया जायेगा। उक्त दल 16 मार्च को प्रात: 8 बजे ग्वालियर-चंबल संभाग के पाँचों जिलों के भ्रमण पर निकलेगा।

     उन्होंने बताया कि भोपाल से आए 113 सदस्यीय दल को ग्वालियर में ओल्ड रेस्टहाउस, स्वास्थ्य प्रबंधन संस्थान तथा होटल रेसीडेंसी में ठहराया जायेगा। इस दल को विभिन्न विभागों की गतिविधियों से भी अवगत कराया जायेगा। दल की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये जिला प्रशासन द्वारा विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।

Share This News :