Home > अपना शहर ,
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर एवं प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में किया पाँच करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ

केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में लगभग पाँच  करोड़ रूपए की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने की।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में सामान्य प्रशासन एवं नर्मदा घाटी विकास मंत्री श्री लाल सिंह आर्य, महापौर श्री विवेक नारायण शोजवलकर, राज्य सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ला, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा उपस्थित थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने वार्ड क्रं.-18 के दीनदयालनगर गेट नं.1 से कुशवाह कॉम्प्लेक्स तक एक करोड़ 64 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सड़क, डिवाइडर तथा सर्विस रोड़ निर्माण और बारादरी चौराहे से सात नम्बर चौराहे तक एवं हुरावली मार्ग पर आर्यनगर के सामने से हुरावली तिराहे तक चौड़ीकरण, डाम्बरीकरण और विद्युत कार्य का शुभारंभ किया। यह कार्य निगम द्वारा 3 करोड़ 43 लाख रूपए की लागत से किया जायेगा।

केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर एतिहासिक और पुराणिक शहर है। केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं में किए जा रहे कार्यों से ग्वालियर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर अब देश के स्मार्ट शहरों में शामिल है। इसके साथ ही अमृत योजना में भी ग्वालियर का चयन हुआ है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन के बाद ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि स्मार्ट बनने के लिये पहले शहर के लोगों को स्मार्ट बनना होगा। श्री तोमर ने कहा कि दीनदयालनगर के लोगों को आगे आकर पहले दीनदयालनगर को स्मार्ट बनाना होगा, तभी हमारा शहर और प्रदेश स्मार्ट बनेगा।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर को ओडीएफ घोषित किया गया है। इसके साथ ही शहर को स्वच्छता में भी देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह सब शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ ही लोगों की सक्रिय भागीदारी से हो सका है। उन्होंने कहा कि जब तक लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक हमारा शहर स्वच्छ नहीं रह सकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ रहने और प्रतिदिन योग से जुड़ने का आहवान किया।

 

 

 

केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा ग्वालियर के लिये ओव्हरब्रिज मंजूर किए गए हैं, जिनका कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्वालियर, मुरार और दीनदयालनगर में अस्पतालों की मंजूरी दी है। नगर निगम द्वारा भी शहर के विकास में तेजी से कार्य किया जा रहा है। विकास निरंतर प्रक्रिया है और इसके लिये केन्द्र सरकार, प्रदेश सरकार और स्थानीय सरकार निरंतर कार्य करेगी। विकास कार्यों में पैसे की कमी न थी, न रहेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नगरों के सुनियोजित विकास के लिये कार्य योजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार 2018 तक 5 लाख आवास तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराने के लिये कटिबद्ध है। ग्वालियर में भी विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। हर व्यक्ति को पाइप लाईन के माध्यम से घर-घर में पानी उपलब्ध कराने और सीवर की समस्या से निजात दिलाने के लिये अमृत योजना के तहत कार्ययोजना स्वीकृत की जा चुकी है। इसके तहत शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जायेगा। इसके पूर्ण हो जाने से लोगों की पानी की समस्या स्थायी रूप से निराकृत होगी।

श्रीमती माया सिंह ने कहा कि अमृत योजना के तहत ही शहर में बड़े और अच्छे उद्यान विकसित किए जायेंगे। लोगों को बेहतर लोक परिवहन उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में मुरार में 300 बिस्तर का अस्पताल और दीनदयालनगर में 30 बिस्तर का अस्पताल खोलने की अनुमति प्रदान की है। इसके बन जाने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि दीनदयालनगर में अस्पताल के साथ ही रैन बसेरा और चिकित्सकों के लिये आवास भी बनाए जायेंगे, ताकि चिकित्सक अस्पताल में ही रहकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करा सकें।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि दीनदयालनगर में गेट नं.2 से कुशवाह मार्केट तक बनने वाली सड़क का कार्य भी निगम शीघ्र करायेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा ग्वालियर में लगभग 22 करोड़ रूपए की लागत से सड़कों के निर्माण का कार्य हाथ में लिया गया है। इसके बन जाने से लोगों को बेहतर यातायात की सुविधायें प्राप्त होंगी। श्री शेजवलकर ने कहा कि लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये हम कटिबद्ध हैं। निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों के परिणाम एक-दो साल में धरातल पर दिखने लगेंगे। इनके पूर्ण होने से ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने दोनों रोड़ों के शुभारंभ की शिला पट्टिका का भूमि पूजन किया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे।

  

Share This News :