Home > अपना शहर ,
कमिश्नर श्री रूपला ने न्यूरोलॉजी वार्ड का किया आकस्मिक निरीक्षण मरीजों से की चर्चा : देखे सिविल वर्क

ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने शुक्रवार की शाम जेएएच के न्यूरोलॉजी वार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री रूपला ने मरीजों एवं उनके अटेण्डरों से चर्चा करके उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। कमिश्नर को किसी से भी कोई शिकवा शिकायत प्राप्त नहीं हुई। पूछताछ के दौरान मरीजों ने चिकित्सकों की प्रशंसा और हो रहे स्वास्थ्य लाभ से कमिश्नर को अवगत कराया।

कमिश्नर ने जेएएच समूह में चल रहे सिविल वर्क और विद्युत रिन्यूवेशन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। कमिश्नर के साथ गजराराजा चिकित्सालय महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस एन अयंगर, जेएएच समूह के अधीक्षक एवं संयुक्त संचालक डॉ. जे एस सिकरवार, न्यूरोलॉजी के डॉ. उदैनिया, डॉ. प्रधान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। मौके पर कमिश्नर श्री रूपला ने संभागीय कमिश्नर कार्यालय में पदस्थ चपरासी श्री मुकेश पाल के लड़के भूपेन्द्र पाल जो न्यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती हैं, को भी देखा। उन्होंने डॉ. प्रधान एवं डॉ. उदैनिया से भूपेन्द्र पाल के स्वास्थ्य के संबंध में पूछताछ कर उचित उपचार के निर्देश दिये।

कमिश्नर ने मौके पर न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी एवं हैड इन्जरी वार्डों में पहुँचकर भर्ती मरीज हजीरा निवासी कस्तूरी, 81 वर्षीय रतनलाल, छतरपुर जिले के ग्राम चंदल निवासी अभिषेक जिसका हाल ही में सिर और पैर का ऑपरेशन हुआ है, से बातचीत कर मिल रही चिकित्सा सुविधा एवं चिकित्सकों द्वारा दी जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तार से पूछताछ की। कमिश्नर ने एक्सीडेंट से पीड़ित हरीओम, पौहरी तहसील के ग्राम बचौका निवासी ज्ञानी, छतरपुर निवासी दीपक शुक्ला सहित अन्य मरीजों से भी चर्चा कर उन्हें उपलब्ध हो रहीं चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। कई मरीजों ने कमिश्नर को उनके उपचार के दौरान हो रहे लाभ को 50 से लेकर 75 प्रतिशत बताया। कई मरीजों ने उनके ऑपरेशन के दौरान डॉ. पदम, डॉ. सेंगर और उनकी टीम द्वारा की गई चिकित्सीय सेवा के लिये उनकी प्रशंसा की।

मौके पर कमिश्नर ने जेएएच समूह में लगभग साढ़े चार करोड़ रूपए की लागत से चल रहे विभिन्न वार्डों, शौचालयों एवं चिकित्सकों के कक्षों के रिन्यूवेशन कार्यों को जाकर देखा। कमिश्नर ने कार्यों की गुणवत्ता और तेज गति से हो रहे कार्यों की प्रशंसा की।

  

Share This News :