Home > अपना शहर ,
बुलंद हौसले और नेक इरादों ने रामवती के जीवन के रास्तों को बनाया आसान

अपने बुलंद हौसलों और नेक इरादों से रामवती ने अपने जीवन यापन का रास्ता बनाया और पति के कार्य को अपना व्यवसाय बनाकर सड़क पर ही शुरू किया चप्पल-जूते जोड़ने का कार्य। उसके इस कार्य को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्वालियर विशेष क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने सराहा और उन्हें सम्मानित भी किया। श्री जादौन ने कहा कि रामवती जैसी महिलाओं के कारण ही हमारे देश में महिलाओं की पूजा होती है।

इस देश की महिलाओं ने अपनी इच्छाशक्ति और बुलंद हौसलों से हर वह काम कर दिखाया है जिसके लिये उनकी जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है।  60 वर्ष की उम्र में भी विपरीत परिस्थितियों में अपने जीवन यापन के लिये किसी के सामने हाथ न फैलाकर मेहनत मजदूरी से अपना परिवार चलाने की सच्ची कोशिश का जीता जागता उदाहरण प्रस्तुत किया है रामवती ने।

      रामवती के पति के निधन के बाद उसे अपने जीवन यापन की कोई व्यवस्था न दिखने पर उसने अपने ही पति के रोजगार को अपना हथियार बनाया और सड़क पर बैठकर जूते-चप्पल सिलने का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस कार्य के माध्यम से उसे जो थोड़े बहुत पैसे प्राप्त होते हैं, उसी से वह अपना जीवन यापन कर रही है। रामवती ने जीवन यापन के लिये किसी के आगे हाथ न फैलाने और खुद ही मेहनत करने की जो खुद्दारी दिखाई है वह समाज के लिये एक प्रेरणा की बात है।

      अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रामवती की खुद्दारी से जीवन यापन की जानकारी मिलने पर ग्वालियर विशेष क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन स्वयं रामवती से मिलने गुड़ा गुड़ी नाके पर पहुँचे और उन्होंने रामवती का शॉल, श्रीफल से सम्मान किया। इसके साथ ही उसे कुछ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। रामवती ने जब बताया कि उसके पास रहने को मकान, व्यवसाय के लिये गुमटी नहीं है, इसके साथ ही गरीबी रेखा का कार्ड भी उसके पास नहीं है, तो साडा अध्यक्ष श्री जादौन ने मौके से ही नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा की तथा रामवती के लिये आवास, गुमटी एवं पेंशन का लाभ शासकीय योजनाओं में दिलाने का आग्रह किया। उनके आग्रह पर निगम के अधिकारियों ने यथासंभव योजनाओं के तहत लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया है।

      जूते-चप्पल जोड़ने के कार्य को अपना हथियार बनाने वाली रामवती ने बताया कि उसके पति जूते-चप्पल जोड़ने का कार्य करते थे। पति के गुजर जाने के बाद जीवन यापन के संकट से जूझते हुए उसने पति के व्यवसाय को अपनाने का निर्णय लिया और उनके औजारों को लेकर बैठक गई सड़क पर। कुछ दिन काम करने के पश्चात उसे कुछ पैसे इस काम के माध्यम से मिलने लगे हैं। इसी व्यवसाय से अब वे अपने जीवन का यापन कर रही हैं।

Share This News :