Home > अपना शहर ,
बालिका लिंगानुपात सुधार कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने पर मुरैना जिले को प्रथम एवं ग्वालियर जिले को द्वितीय पुरस्कार

दोनों संभाग के आयुक्त एवं कलेक्टर करेंगे पुरस्कार ग्रहण 

बालिका लिंगानुपात सुधार कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने पर राज्य सरकार द्वारा मुरैना एवं ग्वालियर जिले को राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिये चयनित किया है। लिंगानुपात सुधार कार्य में मुरैना जिले को प्रथम तथा ग्वालियर जिले को द्वितीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। तृतीय पुरस्कार बालाघाट जिले को प्राप्त होगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को भोपाल में विधानसभा भवन में प्रात: 10.30 बजे से आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को प्रदान किया जायेगा।

      ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला एवं कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ग्वालियर जिले का पुरस्कार ग्रहण करेंगे। मुरैना जिले का पुरस्कार ग्रहण मुरैना संभाग के आयुक्त श्री शिवानंद दुबे और कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ग्रहण करेंगे। पुरस्कार समारोह में संभाग आयुक्त, कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, महिला सशक्तिकरण अधिकारी, एक परियोजना अधिकारी तथा एक खण्ड स्तरीय सशक्तिकरण अधिकारी को आमंत्रित किया गया है।

      बालिका लिंगानुपात सुधार कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने पर अधिकारियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र के साथ ही मैदानी अमले द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने हेतु शासन स्तर से धनराशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। उक्त राशि से जिले में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जायेगा।

Share This News :