Home > अपना शहर ,
स्त्री के प्रवेश से पत्रकारिता में आए सकारात्मक बदलाव – श्री आनंद प्रधान

“बिटिया उत्सव”

“पत्रकारिता में स्त्री” विषय पर हुआ संवाद 

परिवार व समाज में स्त्री की जो दशा व स्थिति है वही पत्रकारिता में भी परिलक्षित होती है। हालाँकि पत्रकारिता में स्त्री के प्रवेश से सकारात्मक बदलाव भी सामने आए हैं। उक्त आशय के विचार नई दिल्ली से आए देश के प्रतिष्ठित पत्रकार श्री आनंद प्रधान ने “पत्रकारिता में स्त्री” विषय पर आयोजित हुए संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता व्यक्त किए। यह कार्यक्रम चार दिवसीय “बिटिया उत्सव” के तहत यहाँ राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान के सभागार में आयोजित हुआ।

श्री आनंद प्रधान ने कहा कि लोकतंत्र व सभ्य समाज में स्त्रियों के साथ भेदभाव उचित नहीं है। उन्होंने कहा महिला पत्रकार के सामने पुरूष पत्रकार के मुकाबले खुद को साबित करने की चुनौती सदैव बनी रहती है। लेकिन इस सब के बाबजूद पत्रकारिता में स्त्री के प्रवेश से तमाम अच्छी बातें सामने आईं हैं। मसलन न्यूज रूम का माहौल अनुशासित हुआ है। कई महिला पत्रकारों ने अपनी कलम और सोच का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा 1990 में उदारीकरण के बाद महिलाओं की प्रत्येक क्षेत्र में भागीदारी तो बढ़ी परंतु उसके कारण भिन्न थे। श्री आनंद ने कहा बदलाव से कार्यकुशलता तो बढ़ी पर महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता में कमी आई। साझा प्रयासों से इन कठिनाईयों से निजात पाई जा सकती है।

नईदिल्ली से ही पधारीं सुश्री गीताश्री ने कहा हर क्षेत्र की भाँति पत्रकारिता का क्षेत्र भी स्त्रियों के लिये कठिन है। अपवाद स्वरूप ही महिला पत्रकारों को संपादक या प्रमुख का औहदा मिल पाता है। पत्रकारिता में स्त्री का चित्रण भी दूषित रहता है। भोंड़े-भोंड़े चित्र छापकर या दिखाकर स्त्री को केवल उपभोक्ता की वस्तु के रूप में पेश किया जाता है जो सर्वथा अनुचित है। उन्होंने कहा महिला पत्रकारों के साथ भी भेदभाव होता है, उन्हें चुनौतीपूर्ण और राजनैतिक बीट नहीं दी जाती। सुश्री गीताश्री ने कहा स्त्री सामर्थ्य और प्रतिभा में पुरूषों में कमतर नहीं हैं। महिलाओं ने सीमा की रक्षा हो या फिर नक्सल प्रभावित इलाके में वीरतापूर्ण प्रदर्शन हो, सभी जगह इसे साबत किया है। उन्होंने कहा हम सभी को मिल-जुलकर यह बेडियाँ तोड़नीं होंगी कि स्त्री कमतर है।

भोपाल से आईं युवा पत्रकार सुश्री श्रुति तोमर ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लड़कियों के लिये कोई शॉर्टकट नहीं होता, वे हार्डवर्क व संघर्ष के जरिए ही सफलता हासिल कर सकती हैं। सुश्री श्रुति तोमर ने अपने अनुभव बताते हुए कहा  दु:ख की बात है कि मुझे इस अंचल का निवासी होने के नाते ग्वालियर-चंबल संभाग की महिलाओं के प्रति नकारात्मक छवि की वजह से शर्मिंदगी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा महिलाओं को आगे आने के लिये खुद ही हिम्मत दिखानी होगी।

संयुक्त संचालक महिला संसाधन केन्द्र श्री सुरेश सिंह तोमर ने ग्वालियर-चंबल संभाग में महिलाओं की स्थिति, स्त्री-पुरूष व शिशु लिंगानुपात पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा पितृ सत्तात्मक समाज का रवैया भी महिलाओं की प्रगति में बाधा है। सरकार की योजनाओं एवं समाज के साझा प्रयासों से इसमें सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

“पत्रकारिता में स्त्री” विषय पर हुए संवाद कार्यक्रम में देश के जाने-माने कार्टूनिस्ट श्री इरफान खान, श्री पारितोष मालवीय, डॉ. राकेश पाठक, डॉ. सरेश सम्राट, श्री अजीत सिंह तथा श्री सुभाष अरोरा व श्री अयूब खान सहित नगर के विद्वान गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री जयंत तोमर ने किया।

पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने किया चित्रकला शिविर का शुभारंभ

चार दिवसीय “बिटिया उत्सव” का शुभारंभ मंगलवार को प्रात:काल शिवाजी उद्यान में कला शिविर के आरंभ के साथ हुआ। पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं कैनवास पर कूची से भारत माता की जय लिखकर इस शिविर का शुभारंभ किया।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि कलात्मक चित्रों के माध्यम से लोगों के दिलों तक पहुँचा जा सकता है। साथ ही कला लोगों को सकारात्मक दिशा में सोचने का मार्ग भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ जीवन में खुशियाँ लाती हैं, उन्हें बराबर का हक एवं सम्मान दिलाने में कलाकार भी महती भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ही बेटियों के हितों की बात न हो, यह प्रक्रिया अनवरत चलती रहनी चाहिए।

      नईदिल्ली से पधारीं वरिष्ठ पत्रकार सुश्री गीताश्री ने कहा कि कला हमारी सोच और दिलों-दिमाग पर जमीं गर्द को साफ करने का काम करती है। कलाकार अपनी कलम, कूची एवं अंगुलियों के माध्यम से हमारी सोच में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त संचालक महिला संसाधन केन्द्र श्री सुरेश तोमर तथा जाने-माने चित्रका और कलाप्रेमी मौजूद थे। इस चार दिवसीय चित्रकला शिविर में देश के जाने-माने चित्रकार हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सुश्री सुप्रिया अम्बर व श्री विनय अम्बर जबलपुर, सुश्री सोनाली चौहान व श्री जयप्रकाश चौहान देवास, सुश्री विनीता नईदिल्ली तथा डॉ. अमिता खरे, सुश्री शिल्पी महोले व डॉ. सुमिता अयूब ग्वालियर सहित अन्य स्थानीय चित्रकला के विद्यार्थी शामिल हैं।

“बिटिया उत्सव” में आज

“बिटिया उत्सव” के तहत 8 मार्च को दोपहर 2 बजे राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में “सिनेमा में स्त्री” विषय पर विमर्श होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध सिने समीक्षक श्री जयप्रकाश चौकसे इंदौर, सुप्रसिद्ध सिने अदाकारा सुश्री लुब्ना सलीम मुम्बई, सुश्री आकांक्षा पारे व श्री प्रांजल धर नईदिल्ली व सुश्री रेणू शर्मा ग्वालियर अपने विचार रखेंगीं। इस दिन पूर्वरंग कार्यक्रम के अंतर्गत सायंकाल 6 बजे शिवाजी उद्यान में “फाग” गायन होगा। इसके बाद यहीं पर सायंकाल 7.30 बजे से सुश्री साजिदा साजी के निर्देशन में ट्रेजर आर्ट एसोसिएशन नईदिल्ली द्वारा “बाड़ा” नाटक की प्रस्तुति दी जायेगी। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध नाट्य निदेशक जनाब सलीम आरिफ मुम्बई व सुश्री मधु चौगांवकर नासिक करेंगे।

Share This News :