Home > अपना शहर ,
गंदे नाले के पानी से सब्जी की खेती करने पर प्रतिबंध जिला दण्डाधिकारी द्वारा आदेश जारी

ग्वालियर जिले में गंदे नालों के पानी से की जा रही सब्जियों की खेती पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. संजय गोयल ने प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने गंदे नाले के पानी में मौजूद हानिकारक रसायनों से लोगों के सेहत पर पड़ रहे विपरीत असर और लोक शांति बनाए रखने के मकसद से दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-133 के तहत यह आदेश जारी किया है।

     मालूम हो जमाहर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में कृषकों द्वारा गंदे नाले के पानी से उगाई जा रही सब्जी को बाजार में बेचने की शिकायत एक स्थानीय नागरिक द्वारा नायब तहसीलदार बहोड़ापुर कार्यालय में की गई थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि गंदे नाले के पानी से उगाई गई सब्जी खाने से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इस प्रकरण की जाँच नायब तहसीलदार द्वारा कराई गई। साथ ही अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी के कथन भी प्रारंभिक साक्ष्य के रूप में लिए गए, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा इस बात की पुष्टि की गई कि गंदे नाले के पानी में हानिकारक रसायन व प्रदूषण प्रभावित करने वाले रसायनों का समावेश है। जाहिर है इस पानी से उगाई गईं सब्जियाँ लोगों के लिये हानिकारक हैं।

अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर जिला दण्डाधिकारी डॉ. गोयल ने ऐसी खेती को प्रतिबंधित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में 20 मार्च को जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में स्वयं अथवा वैध प्रतिनिधि के माध्यम से कारण प्रदर्शित किए जा सकते हैं। इस तिथि के बाद यह प्रारंभिक आदेश स्थायी किया जा सकेगा।

Share This News :