Home > अपना शहर ,
कलेक्टर ने लगाया हुक्काबारों पर प्रतिबंध

ग्वालियर जिले में अज्ञात लोगों द्वारा विभिन्न स्थानों पर चोरी-छिपे और अवैध रूप से चलाए जा रहे हुक्काबार, लाउंज व हुक्का केन्द्रों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. संजय गोयल ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-133 के तहत इस आशय का आदेश जारी किया है। लोक शांति बनाए रखने एवं नशे की प्रवृत्ति पर कड़ाई से अंकुश लगाने के मकसद से पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर जिला दण्डाधिकारी द्वारा यह आदेश जारी किया गया है।

      अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा भी थाना प्रभारी विश्वविद्यालय, औषधि निरीक्षक, शासकीय चिकित्सक एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी के भी इस संबंध में कथन लिए। इन कथनों से पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन में उल्लेखित तथ्यों की पुष्टि हुई। इसके बाद जिला दण्डाधिकारी द्वारा हुक्काबारों को प्रतिबंध किए जाने का प्रस्ताव दिया गया था।

      जिला दण्डाधिकारी ने इस प्रारंभिक आदेश के माध्यम से साफ किया है कि “हुक्काबार, लाउंज एवं हुक्का केन्द्रों” के संबंध में 20 मार्च 2017 तक जिला दण्डाधिकारी के न्यायालय में स्वयं अथवा वैध प्रतिनधि के माध्यम से उपस्थित होकर पक्ष रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि इस तिथि के बाद इस आदेश को अंतिम किया जा सकेगा।

Share This News :