Home > अपना शहर ,
अचल सम्पत्ति का सही-सही मूल्य पता लगाने के लिये फिर करें मुआयना – डॉ. गोयल

जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश 

अचल सम्पत्ति का वास्तविक मूल्य पता लगाने के लिये मौके पर जाएँ और परिसम्पत्ति के कारोबारियों, खरीददारों एवं शहरवासियों से संपर्क करें,  जिससे सही गाइडलाईन तय हो सके। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने वर्ष 2017-18 के लिये अचल संपत्ति के बाजार मूल्य की गाइडलाईन की तैयारी के सिलसिले में आयोजित हुई जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने खासकर अनुविभगीय अधिकारी राजस्व और उप पंजीयकों को यह कार्रवाई करने की हिदायत दी।

कलेक्ट्रेट के सभागार में सोमवार को आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम व पंजीयन अधिकारियों की संयुक्त रिपोर्ट और उप मूल्यांकन समिति के प्रस्ताव अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गाइडलाईन की दरें निर्धारित करने के सिलसिले में 15 मार्च को पुन: जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की जायेगी।

      डॉ. गोयल ने यह भी कहा कि एक ही क्षेत्र में स्थित आवासीय कॉलोनियों की गाइडलाईन में विसंगति नहीं होनी चाहिए। इसके लिये बारीकी से परीक्षण कर सही-सही दर प्रस्तावित करें। साथ ही अचल सम्पत्ति के बाजार मूल्य वास्तविक और तर्क संगत होना चाहिए। खासतौर पर दीनदयालनगर और उससे सटे शताब्दीपुरम क्षेत्र के आवासीय कॉलोनियों के बाजार मूल्य की विसंगति पर बैठक में ध्यान आकर्षित किया गया था। कलेक्टर ने इसका बारीकी से परीक्षण कर वस्तुस्थिति सामने लाने की हिदायत पंजीयन विभाग के अधिकारियों को दी है।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि गाइडलाईन तय करने में नव निर्मित सड़कों, प्रमुख लोकेशन, बाजार से नजदीकी इत्यादि का भी ध्यान रखा जाए। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में सिंचित व असंचित जमीन तथा सड़कों के किनारे स्थित जमीन की कीमतें प्रस्तावित की जाएँ।

      बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, जीडीए के सीईओ श्री सुरेश कुमार शर्मा, साडा के सीईओ श्री तरूण भटनागर तथा जिला पंजीयक श्री के एल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अनुवभागीय राजस्व अधिकारी  मौजूद थे।

Share This News :