Home > अपना शहर ,
शहर की पुनर्घनत्वीकरण योजनाओं को गति दें – कलेक्टर अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए निर्देश

नई आवासीय एवं व्यवसायिक योजनाओं के साथ-साथ पुनर्धनत्वीकरण योजनाओं के माध्यम से भी ग्वालियर शहर में विकास के नये आयाम जुड़ेंगे। इस कड़ी में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने ठाठीपुर क्षेत्र में स्थित जल संसाधन विभाग के विश्राम गृह सहित सिंचाई कॉलोनी के इलाके को शामिल कर पुनर्घनत्वीकरण योजना का प्लान तैयार करने के निर्देश दिये हैं। हाउसिंग बोर्ड ने इस प्रोजेक्ट में रूचि दिखाई है। डॉ. गोयल ने शहर में प्रस्तावित सभी पुनर्घनत्वीकरण योजनाओं के काम को गति देने पर बल दिया।  

      सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि ग्वालियर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड प्रस्तावित पुनर्घनत्वीरण योजनाओं के काम जल्द से जल्द शुरू करने की पहल करें। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर स्मार्ट सिटी योजना में भी पुनर्घनत्वीकरण प्रोजेक्ट शामिल किए जायेंगे। डॉ. गोयल ने जीडीए के सीईओ को निर्देश दिये कि पड़ाव के समीप स्थित पार्क होटल क्षेत्र में प्रस्तावित पुनर्घनत्वीकरण योजना को शीघ्रता से धरातल पर लाने की कार्रवाई करें। बैठक में गृह निर्माण मण्डल के उपायुक्त ने जानकारी दी कि ठाठीपुर पुनर्घनत्वीकरण योजना का काम शुरू करने के लिये प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।

      कलेक्टर ने बैठक में नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर के यातायात प्लान में साडा क्षेत्र की आवासीय एवं व्यवसायिक कॉलोनियों के रूट भी शामिल करें। उन्होंने ग्वालियर शहर एवं आसपास चल रहे 50 लाख से अधिक लागत के अन्य विभागों के कार्यों की भी इस मौके पर समीक्षा की।

      सीएम हैल्पलाईन व न्यायालयीन प्रकरण सहित जिले के विकास से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा सीएम हैल्पलाईन के आवेदनों का निराकरण सकारात्मक हो। उन्होंने बैठक में एक बार फिर दोहराया कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग के बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करें।

      बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, जीडीए के सीईओ श्री सुरेश कुमार शर्मा, साडा के सीईओ श्री तरूण भटनागर तथा अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व एसडीएम मौजूद थे।

Share This News :